
नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान (India and Pakistan) के बीच टी20 विश्व कप (T20 World Cup) में होने वाले महामुकाबले को अब दो दिन शेष रह गए हैं। तमाम ड्रामे के बाद आखिरकार रविवार को दोनों टीमें एक दूसरे के आमने-सामने होंगी। पिछले साल एशिया कप फाइनल के बाद पहली बार भारत और पाकिस्तान एक दूसरे के खिलाफ खेलेंगे। यह मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमादासा स्टेडियम में खेला जाना है, लेकिन प्रशंसकों के लिए चिंता की बात यह है कि मैच के दिन कोलंबो में भारी बारिश का अलर्ट है।
मैच से पहले कैसे हुआ ड्रामा
भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप के मैच से पहले जमकर ड्रामा हुआ। पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश के साथ खड़ा दिखने की होड़ में भारत से मुकाबला खेलने से इनकार कर दिया था। आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) पर दबाव बनाया और मुद्दे को सुलझाने की कोशिश की। पीसीबी और आईसीसी के बीच बैठक हुई और संभावित कार्रवाई को देखते हुए पाकिस्तान ने फैसले पर यू-टर्न लिया।पाकिस्तान सरकार ने राष्टीय टीम को भारत के खिलाफ खेलने के निर्देश दिए।
श्रीलंका के मौसम विभाग ने बारिश का जताया अनुमान
श्रीलंका के मौसम विभाग ने रविवार को बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर दबाव कम हो रहा है जिससे भारत-पाकिस्तान के बीच मैच के दिन बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, कोलंबो के खेतारमा इलाके में जहां आर प्रेमादासा स्टेडियम स्थित है, वहां दिन की शुरुआत में उमस रहेगी और तापमान 30 से 31 डिग्री सेलसियस तक रह सकता है। हालांकि, दोपहर में आंधी के साथ बारिश होने की संभावना 50 से 70 प्रतिशत है।
भारत और पाकिस्तान के बीच स्थानीय समयानुसार मैच शाम सात बजे से होना है और मैच से पहले बारिश की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो टॉस में देरी हो सकती है या ओवरों में कटौती की भी संभावना है। मैच पर भले ही बारिश का साया है, लेकिन रात आठ बजे के बाद से मौसम साफ रहने का भी अनुमान है। हालांकि, कहीं-कहीं पर हल्की बारिश भी हो सकती है।
प्रेमादासा स्टेडियम का ड्रेनेज सिस्टम बेहतर
प्रशंसकों के लिए राहत की बात यह है कि आर प्रेमादासा स्टेडियम का ड्रेनेड सिस्टम बेहतर है और बारिश की स्थिति में मैदानकर्मी जल्द ही मैदान को तैयार कर सकते हैं। प्रेमादासा स्टेडियम में सिर्फ पिच ही नहीं, बल्कि समूचे ग्राउंड को कवर्स से ढकने की व्यवस्था है। मैच के दिन के अलावा शनिवार को भी कोलंबो में बारिश की संभावना है जिससे भारत का ट्रेनिंग सत्र प्रभावित हो सकता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved