
डेस्क। तमिल अभिनेता (Tamil Actor) विशाल (Vishal) ने एक्ट्रेस साई धनशिका (Sai Dhanshika) के साथ सगाई (Engaged) कर ली। इसकी जानकारी खुद विशाल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी। इसमें उन्होंने अपनी सगाई की तस्वीरें साझा की हैं।
अपने इंस्टाग्राम पर सगाई की तस्वीरें साझा करते हुए एक्टर विशाल ने लिखा, ‘इस ब्रह्मांड के कोने-कोने से आए सभी प्रियजनों को मेरे खास जन्मदिन पर शुभकामनाएं और आशीर्वाद देने के लिए धन्यवाद। आज साई धनशिका के साथ हुई अपनी सगाई की खुशखबरी अपने परिवार वालों के साथ साझा करते हुए मुझे खुशी हो रही है। मैं बहुत ही खुश महसूस कर रहा हूं। हमेशा की तरह आपके आशीर्वाद और शुभकामनाओं की कामना करता हूं।’
विशाल और साई धनशिका ने इसी साल मई में एक इवेंट में अपनी सगाई की घोषणा की थी। सगाई का दिन इसलिए भी खास है क्योंकि इसी दिन विशाल का जन्मदिन भी होता है। विशाल और साई धनशिका पिछले 15 साल से एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों काफी अच्छे दोस्त भी हैं।
विशाल और साई धनशिका के बीच उम्र का फासला भी इनकी सगाई की चर्चाओं के साथ ही चर्चा में आ गया था। दरअसल, अपने इसी जन्मदिन पर विशाल 48 साल के हो गए हैं। वहीं धनशिका की उम्र अभी 35 साल है। 20 नवंबर 1989 को जन्मीं साई धनशिका नवंबर में 36 साल की होंगी। ऐसे में दोनों के बीच 12 साल से भी अधिक का अंतर है।
विशाल साउथ फिल्म इंडस्ट्री के एक फेमस अभिनेता हैं। वो तमिल इंडस्ट्री में ज्यादा सक्रिय हैं। उनका पूरा नाम विशाल कृष्ण रेड्डी है, लेकिन वह सिर्फ विशाल के नाम से ही जाने जाते हैं। विशाल ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने करियर की शुरुआत 1989 में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट की थी, जब उन्होंने तमिल फिल्म ‘जदिक्केथा मूडी’ में अभिनय किया। वहीं बतौर लीड एक्टर उन्होंने 2004 में तमिल फिल्म ‘चेलामई’ से अपनी पहचान बनाई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved