इन्दौर। मई में भरपूर बारिश देने के बाद जून में बादल गायब हैं और सूरज मई का हिसाब जून में पूरा कर रहा है। कल दिन में तेज धूप छाई रही, जिससे इस साल जून में पहली बार पारा 41 डिग्री के आगे निकलकर 41.6 डिग्री तक जा पहुंचा। इसके साथ ही जून का पिछले 5 सालों का गर्मी का रिकार्ड भी टूट गया। शहर गर्मी से बेहाल नजर आया। शाम को बादल छाए, लेकिन बारिश नहीं हुई। इसके बाद उमस ने परेशान किया। मौसम विभाग ने आज हलकी बारिश की संभावना जताई है।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा था। मौसम विभाग के अनुसार कल दर्ज 41.6 डिग्री तापमान पिछले पांच सालों में जून में दर्ज सबसे ज्यादा तापमान था। 2023, 2021 और 2020 में तो तापमान 40 डिग्री तक भी नहीं पहुंचा था। कल हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिमी रही और अधिकतम गति 52 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची। हालांकि इतिहास में जून में अधिकतम तापमान का रिकार्ड 32 साल पहले 1991 में 3 जून को 45.8 डिग्री सेल्सियस के रूप में बना था। वहीं सबसे कम तापमान का रिकार्ड 65 साल पहले 12 जून 1958 को 18.9 डिग्री के रूप में दर्ज है। पिछले 10 सालों में 2016 और 2019 में अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंचा था। वहीं सबसे कम अधिकतम तापमान 2021 में 38.9 डिग्री के रूप में दर्ज किया गया था।
आज से बारिश के आसार, मिलेगी गर्मी से राहत
मौसम विभाग के अनुसार आज हलकी बारिश देखने को मिल सकती है। कल भी ऐसा ही मौसम रहेगा, जिससे तापमान में थोड़ी कमी आएगी। इसके बाद बारिश का दौर लगातार जारी रहेगा। इसके कारण अगले 6 से 7 दिनों में तापमान में 10 डिग्री तक की कमी देखने को मिल सकती है। इस बीच ही मानसून की आमद भी होगी।
्रएक नजर पिछले 10 सालों में जून की गर्मी पर
वर्ष अधि. तारीख
2015 42.4 1
2016 44 6, 7
2017 41.9 4
2018 41.2 1
2019 44 8
2020 39.6 1
2021 38.9 2
2022 41.1 4
2023 39.6 13
2024 40.6 1
2025 41.6 11
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved