
इंदौर। इलाके में तलवार लहराकर दहशत फैलाने और आम जनता को डराने वाले बदमाशों की हेकड़ी पुलिस ने चंद घंटों में ही निकाल दी। हीरानगर थाना क्षेत्र के कुख्यात बदमाश सूरज तिवारी और उसके साथी तरुण शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
दहशत का वीडियो हुआ था वायरल
हाल ही में आरोपी सूरज तिवारी और उसके साथियों ने इलाके में न सिर्फ मारपीट की थी, बल्कि दहशत फैलाने के उद्देश्य से हाथ में नंगी तलवारें लहराते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था। इस वीडियो के जरिए वे क्षेत्र के लोगों में अपना खौफ पैदा करना चाहते थे।
भागने के चक्कर में हुए ‘पैर पस्त’
पुलिस की कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने भागने की कोशिश की, लेकिन इस कोशिश में वे खुद को चोटिल कर बैठे और उनके पैर टूट गए। जो बदमाश कल तक गलियों में सीना तानकर लोगों को परेशान करते थे, आज वही पुलिस के सामने ठीक से चलने के लिए भी मोहताज नजर आए।
उसी इलाके में निकाला जुलूस
कानून का खौफ कायम करने के लिए पुलिस इन बदमाशों को उसी इलाके में लेकर पहुंची, जहाँ ये उत्पात मचाते थे। भारी पुलिस बल के बीच लंगड़ाते हुए चलते इन बदमाशों को देखकर स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर की शांति भंग करने वालों के साथ इसी तरह की सख्ती बरती जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved