
इन्दौर। रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए ओंकारेश्वर प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है। इस नई व्यवस्था के अंतर्गत ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए ओंकारेश्वर जाने वाले इंदौर के श्रद्धालु अगर वहां जाकर रक्तदान करते है तो उन्हें दर्शनार्थियों की लम्बी लाइन में लगकर दर्शन के लिए घंटो इंतजार नही करना पड़ेगा।
अब ऐसे रक्तदाता श्रद्धालुओं को वहां का स्थानीय प्रशासन वीआईपी प्रोटोकाल के अंतर्गत ज्योतिर्लिंग के विशेष अतिथियो की तरह दर्शन कराएगा। सीएमएचओ डॉ. ओपी जुगतावत ने बताया कि ओंकारेश्वर में रक्तदान करने वाले श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क वीआईपी दर्शन की यह व्यवस्था प्रारंभ की गई।
अभी ब्लड कलेक्शन वाली स्वास्थ्य टीम का स्टाफ कम होने की वजह से शुरुआत में यह व्यवस्था मंगलवार औऱ शनिवार को ही रहेगी, बाद में यह व्यवस्था सातों दिन के लिए लागू कर दी जाएगी। डाक्टर जुगतावत के अनुसार रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन रक्तदाता श्रद्धालुओं के लिए पहली बार वीआईपी प्रोटोकॉल का इस्तेमाल करने जा रहा है।
ओंकारेश्वर में रक्तदान करने वालों को अब वीआईपी मतलब विशेष श्रद्धालु का दर्जा देते हुए प्रशासन उन्हें वीआईपी प्रोटोकॉल के अंतर्गत ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के नि:शुल्क दर्शन कराएगा। ओंकारेश्वर आने वाले दर्शनार्थियों में 18 से 60 साल की उम्र तक 45 किलो या इससे ज्यादा वजन का कोई भी श्रद्धालु रक्तदान कर सकता है। रक्तदाताओं के लिए खण्डवा जिला चिकित्सालय से रक्तदान कलेक्शन वाहन और टीम ओंकारेश्वर में मौजूद रहेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved