
उज्जैन। एक हफ्ते पहले तक थोक मंडी में गेंदे का फूल 5 से 10 रुपए किलो तक थोक में बिक रहा था। माँग से ज्यादा आवक होने के कारण गेंदे की यह हालत थी लेकिन दीपावली के एक दिन पहले माँग बढ़ते ही गेंदा इतराने लगा और आज सुबह थोक में 60 से 70 रुपए किलो तक बिक गया। गुलाब की भी बेहद मांग होने से सुबह गुलाब 250 रुपए प्रतिकिलो के भाव में नीलाम हुआ। उल्लेखनीय है कि फूलों में अभी गेंदे का सीजन चल रहा है। उज्जैन शहर में आम दिनों में गेंदे के फूल की डिमांड 300 से 400 क्विंटल तक रहती है। इसके विपरीत 1 हजार क्विंटल से ज्यादा आवक बनी हुई थी। दीपावली पर इस फूल की विशेष डिमांड रहती है। घर के दरवाजों से लेकर वंदनवारों और भगवान तक को गेंदे के फूल अर्पित होते हैं। दीपावली के एक दिन पहले अचानक गेंदे की मांग बढऩे से फूल व्यवसायी भी खुश हैं। पुष्प व्यवसायी अभिषेक दयाल ने बताया कि आज सुबह मंडी में करीब 800 से 900 क्विंटल गेंदा थोक में बिकने आया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved