
इंदौर। पत्नी का गला घोंटकर फांसी का षड्यंत्र रचने वाले सराफा कारोबारी (bullion trader) के खिलाफ मल्हारगंज पुलिस (Malharganj Police) ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। दरअसल, पैसों की तंगी के चलते पति-पत्नी के बीच हुए विवाद में कारोबारी ने पत्नी का गला घोंट दिया था और ससुराल वालों से कह दिया था कि उसने फांसी लगाई है। जब पत्नी 10 दिन बाद होश में आई तो सच्चाई सामने आ गई।
मिली जानकारी के अनुसार अग्रसेन नगर निवासी विशाल पिता जगदीश जोशी ने 26 सितंबर को नवरात्रि के दौरान पत्नी नेहा जोशी से विवाद होने पर उसका तार से गला घोंट दिया था। जब वो अचेत हो गई थी तो ससुराल वालों को खबर कर दी थी कि पत्नी को कुछ हो गया है। परिवार वाले उसे निजी अस्पताल ले गए थे। महिला के गले पर निशान होने से परिजनों को शंका हुई, लेकिन विशाल कहता रहा कि उसने फांसी लगाई है। युवती को डॉक्टरों ने वेंटिलेटर पर रखा था। 10 दिन बाद उसे होश आया तो उसने बताया कि मैंने फांसी नहीं लगाई, बल्कि पति ने गला घोंटा था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी विशाल की जोशी ज्वेलर्स के नाम पर पुरानी दुकान है। उसकी शादी 20 वर्ष पूर्व हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। बड़ी बच्ची की स्कूल बस की फीस नहीं भर पाया था और उसके लिए पत्नी पर मायके से पैसे लाने के लिए दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर विवाद भी हुआ था। फिलहाल युवती मायके छत्रपति नगर में रह रही है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved