
इन्दौर। शहर में इस बार ठंड अपने ही रिकॉर्ड तोड़ती नजर आ रही है। दो दिन पहले जहां रात का न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री पर पहुंचा था और पिछले दो सालों का फरवरी का ठंड का रिकॉर्ड टूटा था, वहीं कल रात पारा 10.6 डिग्री पर पहुंचा और दो दिन पहले बने रिकॉर्ड को ही तोड़ दिया। तापमान में आई कमी के कारण शाम से सुबह के बीच तीखी ठंड का एहसास हुआ, हालांकि दिन में तेज धूप के कारण ठंड गायब रही।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री और परसों की परीक्षा 0.2 डिग्री ज्यादा था, वहीं रात से सुबह के बीच न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री और कल की अपेक्षा 0.4 डिग्री कम था। इस दौरान हवाओं की दिशा उत्तरी और उत्तर-पूर्वी रही। हवाओं की अधिकतम रफ्तार 14 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची। दिन से रात के बीच तापमान में 18 डिग्री से ज्यादा का अंतर रहा, जिससे दिन में जहां गर्मी का एहसास था, वहीं रात को सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन महसूस हुई। ठंड का असर सुबह तक बना रहा, धूप खिलने के बाद कुछ राहत मिली।
पाकिस्तान पर पश्चिमी विक्षोभ से भारत में बढ़ रही ठंड
मौसम विभाग के अनुसार इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और निकटवर्ती क्षेत्रों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में सक्रिय है। साथ ही उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व भारत के ऊपर समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर लगभग 240 किमी प्रति घंटा की गति से जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही है, वहीं एक नया पश्चिमी विक्षोभ के 9 फरवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है, जिससे एक बार फिर ठंड का असर बढ़ सकता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved