
इन्दौर। भागीरथपुरा में कल होने वाली कांग्रेस की शोकसभा जब नहीं हो सकी तो फिर गिरफ्तार किए गए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जेल में शोकसभा की। कल भागीरथपुरा में हुए घटनाक्रम पर आज कांग्रेस की बड़ी बैठक हो रही है, जिसमें रणनीति बनाई जाएगी। भागीरथपुरा में कल प्रदेश कांग्रेस की जांच कमेटी नागरिकों से मिलने और वहां के हालात का जायजा लेने के लिए पहुंची थी। इस कमेटी में पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा, विधायक महेश परमार व अन्य सदस्य थे।
इनके साथ रीना बौरासी सेतिया, चिंटू चौकसे, अमित पटेल, दीपू यादव, राजेश चौकसे व कांग्रेस के कार्यकर्ता थे। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस की टीम को रोक दिया गया। वहां पर कांग्रेस और भाजपा के कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए थे। ऐसे में पुलिस ने बीच में दीवार बनकर दोनों को अलग किया। कल ही कांग्रेस सेवा दल द्वारा भागीरथपुरा में इस कमेटी के दौरे के बाद गंदे पानी के सेवन से जान गंवाने वाले 15 लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए शोकसभा का आयोजन किया गया था।
उसके पहले पुलिस ने एक तरफ जहां भागीरथपुरा में पहुंचे सभी कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर लिया, वहीं शोकसभा के लिए बनाए गए शामियाना से पुलिस ने माइक जब्त कर लिया। जब सारे कांग्रेसी गिरफ्तार हो गए थे तो फिर शोकसभा कैसे होती। ऐसे में गिरफ्तार कर सेंट्रल जेल भेजे गए कांग्रेसियों ने जेल के परिसर में ही शोकसभा की। कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष मुकेश यादव ने बताया कि जेल में हुई शोकसभा में सभी मृतकों को श्रद्धांजलि देकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
भागीरथपुरा में कल जिस तरह से भाजपा द्वारा कांग्रेस का मैदानी विरोध किया गया, उससे उत्पन्न स्थिति पर विचार करने के लिए आज कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में शाम 5 बजे एक बैठक रखी गई है। इस बैठक को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी संबोधित करेंगे। इसमें कांग्रेस के सभी ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षद और प्रमुख नेताओं को बुलाया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved