
- दोपहर में महिला सम्मेलन और शाम को 1008 दीपों से महाआरती-कल निकलेगा चल समारोह
उज्जैन। सकल जैन समाज द्वारा भगवान महावीर का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है तथा इस अवसर पर आज सुबह 3 मंदिरों से प्रभातफेरी निकली।
मुख्य संयोजक नितिन डोशी और समन्वयक अनिल गंगवाल ने बताया कि प्रात: 5.45 बजे नमकमंडी, पंचायती मंदिर और नयापुरा क्षेत्र से प्रभातफेरियां निकाली गईं, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई फव्वारा चौक स्थित महावीर कीर्ति स्तंभ पहुंचीं। यहां सामूहिक ध्वजवंदन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और श्रद्धालुओं को स्वल्पाहार वितरित किया गया। इस आयोजन का संयोजन विभिन्न दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप्स द्वारा किया गया। महोत्सव के तहत दोपहर 1.30 बजे श्री चन्दाप्रभु दिगम्बर जैन मंदिर, नमकमंडी में विशाल महिला सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें शहर की विभिन्न महिला मंडलों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। आयोजन का जिम्मा दिगम्बर जैन आदिनाथ महिला मंडल और दिगम्बर जैन महासमिति महिला संभाग उज्जैन के साथ अन्य महिला संगठनों ने संभाला है। शाम होते ही धार्मिक आयोजन और भी भव्य रूप लेंगे। टॉवर चौक पर शाम 7 बजे महावीर तपोभूमि ट्रस्ट द्वारा एक शाम भगवान महावीर के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 1008 दीपकों से भव्य महाआरती की जाएगी। इसके बाद शाम 7.30 बजे सेठी नगर स्थित गाय-शेर चौराहे पर मूलनायक भगवान महावीर की विशेष महाआरती संपन्न होगी। महोत्सव के दौरान पूरे शहर में भक्ति, आस्था और सामाजिक एकता का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है।