
इंदौर। एरोड्रम क्षेत्र में पुलिस लाइन से एरोड्रम थाने तक को जोडऩे वाली सडक़ का नाम ही 60 फीट रोड है, लेकिन यहां स्थिति ऐसी है कि कई जगह 30 फीट और कई जगह 40 फीट तक की सडक़ ही नजर आती है। निगम ने कल वहां कई कब्जे हटाए और आज अधिकारियों की टीम मौका निरीक्षण करने जाएगी। कल शाम को नगर निगम के अधिकारियों की टीम रिमूवल अमले के साथ 60 फीट रोड पर पहुंची। वहां पुलिस लाइन से लेकर एरोड्रम थाने तक कार्रवाई का अभियान शुरू किया गया। कई दुकानों और मकानों के कब्जे सडक़ तक कर लिए गए, जिसके कारण सडक़ सिकुडक़र 30 से 40 फीट ही रह गई और एरोड्रम थाने की ओर जाने वाले मार्ग की यह प्रमुख सडक़ है।

निगम अधिकारी दीपक गरगटे के मुताबिक सडक़ के कब्जे हटाने की कार्रवाई सख्ती से की गई और करीब 200 से ज्यादा कब्जे हटाए गए। अब नगर निगम इस सडक़ को दोनों ओर 5-5 फीट और चौड़ा करने की तैयारी में है, ताकि यातायात व्यवधान की दिक्कत न आए। आज प्रभारी महापौर और जनकार्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौर, निगम अधिकारी डीआर लोधी सहित कई अधिकारी इस सडक़ का निरीक्षण करेंगे और इसके बाद चौड़ीकरण को लेकर मौके पर निर्णय लिया जाएगा।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved