
इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले आज और कल इंदौर में बैठकें और संगोष्ठी को संबोधित करेंगे। वहीं 1 दिसंबर से 15 दिसंबर तक विशाल गृह सम्पर्क अभियान भी शुरू किया जा रहा है, जिसमें मालवा प्रांत में मौजूद लगभग 35 लाख घरों तक स्वयंसेवकों की टोलियां पहुंचेंगी। इंदौर विभाग के अंतर्गत 5 जिलों के 35 नगरों और 5 ग्रामीण खंड के 65 मंडलों में वृहद गृह सम्पर्क योजना भी बनाई गई है, जिसमें 1725 मोहल्लों, 345 बस्तियों, 618 गांवों तक स्वयंसेवकों की 7029 टोलियों की रचना की गई है।
आज संवाद सत्र के बाद शाम को चिमनबाग मैदान पर इंदौर महानगर की चयनित महाविद्यालयीन शाखा टोलियों का एकत्रीकरण होगा, जिसमें होसबोले मौजूद रहेंगे और फिर कल दोपहर प्रमुखजन गोष्ठी का आयोजन किया गया है। संघ की स्थापना के शताब्दी वर्ष में पूरे देश में संघ के कार्यकर्ताओं द्वारा गृह सम्पर्क का संकल्प लिया गया है। मालवा प्रांत में यह गृह सम्पर्क अभियान आगामी 1 दिसंबर से 15 दिसंबर तक किया जाएगा।
मालवा प्रांत के सभी 28 जिलों के 138 खंडों के 12,500 से अधिक गांवों और 101 नगरों के 7,500 से अधिक मोहल्लों में संघ के कार्यकर्ताओं की टोलियां घर-घर जाकर संपर्क करेंगी। इस वृहद गृह संपर्क अभियान में मालवा प्रांत के 35 लाख से अधिक परिवारों में संघ परिचय पत्रक, संघ साहित्य, स्टीकर और भारत माता का चित्र लेकर कार्यकर्ता घरों पर परिवारों से संपर्क करेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों और नगरों की सेवा बस्तियों में घरों पर भगवा पताका भी लगाई जाएगी। इंदौर विभाग के अंतर्गत 5 जिलों के 35 नगरों एवं 5 ग्रामीण खंड के 65 मंडलों में वृहद गृह संपर्क की योजना बनाई गई है। समाज में संस्कारों और परंपराओं की पाठशाला हमारे परिवार हैं।
अपनी संस्कृति की रक्षा और संस्कारों के लिए परिवारों को संस्कारक्षम बनाए रखना आज की चुनौती भी है। सभी प्राणियों का जीवन सुखी हो, इस हेतु हमारे वन, वायु, जल, धरती सहित संपूर्ण पर्यावरण का संरक्षण और संवर्धन आवश्यक है। स्वदेशी जीवनशैली और भारत केंद्रित विचार-व्यवहार और व्यापार ही स्वावलंबी और स्वतंत्र भारत का आधार है। प्रत्येक नागरिक द्वारा संवैधानिक, राष्ट्रीय, सामाजिक और नैतिक कत्र्तव्यों के पालन से भारत को विश्वगुरु बनाना है। सामाजिक समरसता, परिवार प्रबोधन, पर्यावरण केंद्र, जीवनशैली, जीवन के हर क्षेत्र में स्वदेशी का संकल्प और नागरिक कत्र्तव्यों का पालन ये पंच-परिवर्तन के पांच संकल्प हैं। गृह संपर्क अभियान में संघ के कार्यकर्ता पंच-परिवर्तन के संकल्पों की चर्चा घर-घर जाकर करेंगे और परिवारों द्वारा किसी एक संकल्प का आह्वान करवाया जाएगा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved