
इन्दौर। अरबिंदो अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में कल रात वहां काम करने वाले सुपरवाइजर ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि रात 11 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने अरबिंदो अस्पताल के पीएम रूम में पंखे से लटककर फांसी लगा ली है। इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और शव को पंखे से उतारकर पीएम के लिए रखवाया। वहीं मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की शिनाख्त 50 वर्षीय सोनू पिता सेवाराम खटवा निवासी लवकुश चौराहा के रूप में हुई।
बताते हैं कि वह लंबे समय से अस्पताल में ही पीएम रूम में सुपरवाइजर था और पीएम के काम में भी मदद करता था। पुलिस का कहना है कि उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन पता चला है कि वह कुछ दिन से परेशान था। पुलिस पता लगा रही है कि उसने आत्महत्या क्यों की। बताते हैं कि वह यहां पर कई शवों का पोस्टमार्टम कर चुका था, लेकिन अब उसकी कर्मभूमि में ही उसका भी पोस्टमार्टम होगा। अभी उसके परिवार के बारे में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved