
इंदौर। कालानी नगर (Kalani Nagar) चौराहे से बड़ा गणपति (Big Ganpati) तक कोहराम मचाने वाले ट्रक चालक को भले ही पुलिस (Police) ने गिरफ्तार कर लिया हो, लेकिन इस घटना ने पूरे पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है। घटना में जिन लोगों की जान बच गई है, वे भगवान का शुक्र अदा करते रहे। इस हादसे का शिकार वृद्ध दंपति, जिनके परिवार के 4 सदस्य जख्मी हुए हैं, ने बताया कि ऐसा लगा कि कोई पटाखा फूटा है और उसके बाद कोई सुध नहीं रही।
70 वर्षीय काजल गोपलानी निवासी लॉजिस्टिक एनक्लेव बांगड़ा रोड ने बताया कि शाम 7 बजे पति अशोक गोपलानी, पुणे से घूमने आई बड़ी बेटी अनिता दुधानी, नाती 2 वर्षीय संवत को साथ लेकर राजबाड़ा रिक्शा में जा रही थी। रामचंद्र नगर चौराहे के पास पीछे से ट्रक ने टक्कर मारी। ऐसा लगा कोई पटाखा फूटा हो। रिक्शा दूर पलट गया और उसका चालक अनिल निवासी अमर पैलेस कॉलोनी एरोड्रम दूर घायल पड़ा था। जैसे-तैसे लोगों ने इन चारों को निकालकर सामने ही स्थित गीतांजलि अस्पताल पहुंचाया। चर्चा के दौरान वृद्ध महिला काजल ने बताया कि भगवान का शुक्र है पूरा परिवार बच गया। महिला को सिर और कमर में चोट आई है। रिक्शा चालक अनिल ने बताया कि वह परिवार में इकलौता कमाने वाला है। उसके हाथों में चोट आई है। बाणगंगा के दीपक वर्मा को सिर में गंभीर चोट आई है। वो बाइक से जा रहा था। उसने देखा कि यमदूत की तरह एक ट्रक लोगों को टक्कर मारते आ रहा है, को देख घबरा गया और उसी दौरान उसने गाड़ी मोड़ी तो स्लिप हो गया। नार्थ कमाठीपुरा की पायल जोशी भी इस हादसे का शिकार हुई है। वह निजी संस्थान में काम करती है। एक्टिवा से घर लौट रही थी। कालानी नगर के आगे ट्रक उसके पास से गुजर गया और वह बाल-बाल बच गई। हालांकि घबराहट में उसकी एक्टिवा पलटी खा गई थी, जिसके कारण पलक को पैर में चोट आई है। घटना की सूचना मिलते ही उसके परिवार वाले अस्पताल पहुंच गए थे। गीतांजलि अस्पताल में 6 घायलों का इलाज चल रहा है, जबकि बाठिया अस्पताल में दो, अरविंदो अस्पताल में एक, वर्मा अस्पताल धार रोड पर दो एवं भंडारी अस्पताल में एक घायल का उपचार चल रहा है।