
जालना: महाराष्ट्र के जालना जिले में एलपीजी सिलेंडरों की बड़ी चोरी की घटना सामने आई है. अज्ञात चोरों ने उटवद क्षेत्र में स्थित एक गैस एजेंसी के गोदाम को निशाना बनाते हुए ताला तोड़ दिया और एक साथ 110 एलपीजी सिलेंडर चोरी कर लिए. यह घटना आनंद भारत गैस एजेंसी के गोदाम में हुई.
चोर बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. चोरी किए गए सिलेंडरों में 96 घरेलू उपयोग के एलपीजी सिलेंडर, 12 कमर्शियल सिलेंडर और 2 छोटे (5 किलो) कमर्शियल सिलेंडर शामिल हैं. इस पूरी वारदात में करीब साढ़े चार लाख रुपये के सामान की चोरी हुई है, जिससे एजेंसी संचालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.
घटना की शिकायत एजेंसी से जुड़े सिद्धार्थ आढाव ने मौजपुरी पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई है. पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
इस बड़ी सिलिंडर चोरी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. जिस तरह से एक ही बार में इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर चोरी किए गए, उससे यह आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय हो सकता है. स्थानीय लोगों का मानना है कि बिना पर्याप्त योजना और संसाधनों के इतनी बड़ी चोरी को अंजाम देना संभव नहीं है. ऐसे में पुलिस भी इस एंगल से जांच कर रही है कि कहीं यह मामला कालाबाजारी या अवैध सप्लाई नेटवर्क से तो जुड़ा नहीं है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved