
इन्दौर। इंदौर से दुबई के बीच चलने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट की डिमांड एक बार फिर बढऩे लगी है। पिछले दिनों इसे यात्री नहीं मिलने से कंपनी ने फ्लाइट का किराया घटाकर 12 हजार तक कर दिया था, वहीं अब दोबारा किराया बढऩे लगा है। इंदौर से अगले सोमवार जाने वाली फ्लाइट का किराया ही 26 हजार रुपए दिखाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि कंपनी ने पहले इस फ्लाइट को 2 मई से 27 जून के बीच बंद किए जाने की घोषणा की थी। इसके कारण इन दिनों की उड़ानों की बुकिंग भी बंद कर दी गई थी। बाद में कंपनी ने अपने फैसले को बदलते हुए फ्लाइट का समय एक घंटा पहले करते हुए फ्लाइट जारी रखने की बात कही। ज्यादातर यात्रियों को इसकी जानकारी नहीं होने के कारण इसमें लोग आखिरी समय बुकिंग नहीं करवा रहे थे, लेकिन अब दोबारा इस फ्लाइट में यात्रियों का रिस्पांस बढऩे लगा है।
पहले जहां इस फ्लाइट में आसानी से 12 हजार में टिकट उपलब्ध थे, वहीं अब टिकटों के दाम बढऩे लगे हैं। अगली फ्लाइट में टिकट 26 हजार, उसके बाद 20 हजार और उसके बाद की फ्लाइट में 16 हजार में बुक हो रहे हैं। सीटें बुक होने के साथ ही किराया भी बढ़ता जा रहा है। गर्मी की छुट्टियां होने के कारण भी अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बढ़ रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved