भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

मप्र में बड़े प्रशासनिक बदलाव की सुगबुगाहट

  • प्रदेश सरकार ने केंद्र से वापस मांगी आइएएस केसी गुप्ता की सेवाएं
  • मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने भेजा प्रस्ताव, मिली सहमति

भोपाल। 1992 बैच के आइएएस अधिकारी केसी गुप्ता की सेवाएं प्रदेश सरकार ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से वापस मांग ली हैं। केंद्र सरकार ने भी सामान्य प्रशासन विभाग के अनुरोध को स्वीकार करते हुए सहमति दे दी है। गुप्ता के लौटने पर बड़े प्रशासनिक बदलाव की सुगबुगाहट मंत्रालय में शुरू हो गई है। दरअसल, गुप्ता प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी हैं और उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने के संकेत हैं। अगस्त 2019 में केसी गुप्ता केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए थे। चूंकि, प्रतिनियुक्ति पर राज्य सरकार की सहमति से ही भेजा जाता है इसलिए सरकार द्वारा सामान्यत: सेवाएं वापस नहीं मांगी जाती हैं। केंद्र सरकार यदि अधिकारी की सेवा वापस लौटा दे तो बात अलग होती है। सेवानिवृत्त आइएएस अधिकारी राधेश्याम जुलानिया के मामले में ऐसा हो चुका है। उनकी सेवाएं केंद्र सरकार ने वापस लौटाई थीं। केंद्र सरकार से वापस लौटने के बाद वे मुख्यधारा में नहीं आ पाए और लंबे समय तक उन्हें कोई जिम्मेदारी भी नहीं दी गई थी। प्रशासन विभाग कार्मिक की प्रमुख सचिव दीप्ति गौड मुखर्जी ने गुप्ता की सेवाएं मांगे जाने की पुष्टि की है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारियों की कमी नहीं है। हाल ही में तीन अधिकारियों को प्रमुख सचिव पद पर पदोन्नत किया गया है।


गुप्ता को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदार
उधर, स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव रश्मि अरुण शमी ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के लिए आवेदन किया है। उप सचिव स्तर के अधिकारी बी विजय दत्ता केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा चुके हैं। माना जा रहा है कि गुप्ता को सरकार कोई बड़ी जिम्मेदारी देगी। मुख्यमंत्री सचिवालय में एक प्रमुख सचिव और पदस्थ किए जाने की भी चर्चाएं हैं। हालांकि, मौजूदा प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के भरोसेमंद अधिकारियों में शामिल हैं।

एक विभाग में तीन प्रमुख सचिव
इस समय नगरीय विकास एवं आवास विभाग ऐसा है जिसमें तीन प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी पदस्थ हैं। इसमें मनीष सिंह पहले से विभाग के प्रमुख सचिव हैं। हाल में वहीं आयुक्त निकुंज कुमार श्रीवास्तव को प्रमुख सचिव पद पर पदोन्न्त कर विभाग का पदेन प्रमुख सचिव पदस्थ किया है। इसी तरह विभाग के अंतर्गत आने वाले नगर तथा ग्राम निवेश के आयुक्त-सह-संचालक मुकेश चन्द गुप्ता भी पदोन्नत होकर प्रमुख सचिव हो गए हैं। इसके मद्देनजर आयुक्त-सह-संचालक के पद को प्रमुख सचिव के समक्षक घोषित किया गया है।

Share:

Next Post

आंगनबाड़ी के मददगार बन रहे लोग, बच्चों का सुधरेगा भविष्य

Thu Feb 10 , 2022
आंगनबाड़ी को गोद लेने के क्रम में लोग आगे आ रहे हैं भोपाल। आंगनबाड़ी को गोद लेने के क्रम में लोग आगे आ रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी खुद आंगनबाड़ी गोद ले चुके हैं। इसके साथ-साथ अफसरों से लेकर समाजसेवी लोग और सामाजिक संस्थाएं भी इसमें आगे आ रही हैं। यह प्रयास आंगनबाड़ी […]