img-fluid

इंदौर से कोई नेता नहीं है इस पद के लिए दावेदार

November 12, 2025

  • भाजयुमो के नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया शुरू

इंदौर। भाजपा में अब भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस पद के लिए इंदौर से भाजपा का कोई भी नेता दावेदार नहीं है। अभी जब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया चल रही थी तो उस समय भी इंदौर से उस पद के लिए भी कोई दावेदार नहीं था। भाजपा का सबसे बड़ा गढ़ मालवा अंचल माना जाता है। इस अंचल का मुख्यालय इंदौर है। इंदौर को भाजपा की प्रयोगशाला के रूप में भी पहचाना जाता है। इसके बावजूद भाजपा के मुख्य संगठन से लेकर मातहत संगठन तक किसी का भी नेतृत्व इंदौर को नहीं मिल पा रहा है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर हेमंत खंडेलवाल के निर्वाचन और फिर उनके द्वारा अपनी इकाई का गठन किए जाने के बाद अब सभी की नजर युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पर लगी है। ऐसा माना जा रहा है कि पार्टी द्वारा युवा मोर्चा में प्रदेश अध्यक्ष पद पर ब्राह्मण चेहरे को मौका दिया जाएगा। इसके लिए भोपाल के अंशुल तिवारी और ग्वालियर के प्रवीण शर्मा का नाम दौड़ में सबसे आगे है। इसके अलावा अभी कुछ और नाम भी दौड़ में शामिल हंै, लेकिन उन नाम को आगे बढ़ाने वाला बड़ा नेता नहीं मिल पा रहा है। इस पद के लिए प्रदेश के सबसे बड़े शहर इंदौर से किसी भी नेता को दावेदार नहीं माना जा रहा है। एक समय था जब इस मोर्चे का नेतृत्व इंदौर के जीतू जिराती के हाथों में था। उनके द्वारा इस संगठन को बहुत मजबूत भी किया गया था। उसके बाद में मनस्वी पाटीदार ने भी युवा मोर्चा की कमान संभाली थी।

अल्पसंख्यक मोर्चा से होगी मुस्लिम नेता की विदाई
भाजपा द्वारा अल्पसंख्यक मोर्चा के नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन के लिए भी चर्चा शुरू कर दी गई है। अब तक भाजपा में यह परंपरा रही है कि पार्टी के किसी भी मुस्लिम नेता को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया जाता है। इस बार भाजपा इस परंपरा को तोडऩे की तैयारी में है। इस बार मुस्लिम समाज के किसी भी नेता को इस पद पर नियुक्त नहीं किया जाएगा। इस बार भाजपा द्वारा इस पद पर सिख समाज के नेता को नियुक्ति देने पर विचार किया जा रहा है। ध्यान रहे कि पिछले दिनों राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा भी इस बात का संकेत दिया गया था कि हमें सिख समाज को ज्यादा महत्व देना होगा। इस स्थिति के चलते हुए ही अब भाजपा द्वारा सिख समाज को प्रमुखता देने की तैयारी की जा रही है।

Share:

  • फिल्म ‘हक़’ के लिए इंदौरी युवा ने सिखाई कलाकारों को उर्दू

    Wed Nov 12 , 2025
    फिल्म में डायलेक्ट कोच के रूप में इंदौर के युवक इदराक ने किया काम इन्दौर। इंदौर के कई युवा फिल्म इंडस्ट्री में नाम कमा रहे हैं। कोई किसी फिल्म में, तो कोई टीवी शो में कलाकार है, तो कई कैमरे के पीछे अपना हुनर दिखा रहे हैं। ऐसे ही इंदौर के एक युवा इदराक हशमत ने […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved