
उज्जैन। झारखंड स्थित जैन तीर्थ सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल घोषित करने के विरोध के विरोध में आज जैन समाज द्वारा उज्जैन बंद का आह्वान किया गया था। इसे लेकर आज सुबह जैन समाज के पदाधिकारी बाजार बंद कराने निकले। बियाबानी स्थित विक्रमादित्य क्लॉथ के व्यवसायियों ने इसके समर्थन में आज दुकानें बंद रखी है और मुख्य द्वार पर ताला लगा हुआ था। आज उज्जैन बंद करने का निर्णय सकल समाज की सोमवार को आयोजित बैठक में लिया गया था। बैठक में यह भी तय हुआ था कि जैन समाज के साथ साथ उज्जैन शहर के समस्त व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भी बंद रखा जाएगा। जैन समाज द्वारा उज्जैन बंद के आव्हान को होलसेल दवा बाजार, होलसेल कपड़ा बाजार, विक्रमादित्य क्लॉथ मार्केट, अनाज मंडी, चिमनगंज मंडी, होलसेल किराना व्यवसाय एवं अन्य व्यापारी एसोसिएशनों द्वारा भी समर्थन दिया जा रहा है।
समाज के राहुल कटारिया, अशोक जैन चायवाला, पंकज जैन, धर्मेन्द्र सेठी, नितिन डोसी ने बताया कि झारखंड की सरकार ने जैन समाज के पवित्र तीर्थ सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल घोषित किया है। उन्होंने बताया कि तीर्थ सम्मेद शिखर जैन समाज की आस्था का बड़ा केंद्र है। यहाँ स्थित पहाड़ी पर दर्शन के लिए जैन समाजजन नंगे पैर जाते हैं। पर्यटन स्थल घोषित होने से यह परंपरा खंडित होने की आशंका है। इसी के चलते पूरे देश में इसका विरोध किया जा रहा है और आज बंद रखा गया है। उन्होंने बताया कि समाजजन आज सुबह से अपने-अपने क्षेत्रों में सहयोगी संगठनों के साथ मिलकर सुबह से सड़कों पर निकले हैं और सभी व्यवसायियों से आज उज्जैन बंद को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील शांतिपूर्वक की जा रही है। अधिकांश व्यवसायी इसका समर्थन कर रहे हैं और आज उन्होंने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved