
बुधनी। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के बुधनी क्षेत्र में आस्था और राजनीति (Faith and Politics) का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। मां नर्मदा के परम भक्त और कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल शर्मा, जिन्हें ‘हनुमानजी’ के नाम से भी जाना जाता है, ने मां नर्मदा की पदयात्रा परिक्रमा महज 90 दिनों में पूरी कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में 22 मार्च को उनके निज निवास सलकनपुर-इटारसी में विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जो सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इस आयोजन में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के कई बड़े राजनीतिक चेहरे शामिल होने जा रहे हैं।
पहली बार एक साथ उतरेंगे दो हेलीकॉप्टर
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह होगी कि यहां एक साथ दो हेलीकॉप्टर उतरेंगे, जो कि बुधनी विधानसभा क्षेत्र के इतिहास में पहली बार होने जा रहा है। आयोजन स्थल पर दो हेलीपैड तैयार किए गए हैं, जबकि तीसरे हेलीपैड की अनुमति भी ली जा रही है। इस भंडारे में प्रमुख रूप से नकुलनाथ, जीतू पटवारी, उमंग सिंघार, जयवर्धन सिंह सहित कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। इसके अलावा साधु-संतों और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रबुद्धजन भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
केंद्रीय मंत्री शिवराज को भी दिया निमंत्रण
वहीं, केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी इस कार्यक्रम का निमंत्रण दिया गया है। उनके कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन उनके आगमन की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन की ओर से भी कार्यक्रम को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। एसडीएम, एसडीओपी और पुलिस अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक होगा, बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां एक ही मंच पर कई बड़े नेता नजर आ सकते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved