
उज्जैन। कल रात निकास चौराहा से शुरू हुए मोहर्रम के जुलूस के दौरान भगदड़ के बीच तीन लोग घायल हो गए। इधर तोपखाना क्षेत्र में मोहर्रम की भीड़ के दौरान पुरानी रंजिश में एक युवक पर चार बदमाशों ने हमला कर उसे घायल कर दिया। इस दौरान यहाँ भी भगदड़ मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
महाकाल थाना पुलिस ने बताया कि कल रात मोहर्रम के जुलूस में शामिल फैजान पिता रशीद खान निवासी बेगमबाग तोपखाना क्षेत्र में घूम रहा था। इस दौरान भीड़ में उसका सामना बेगमबाग में रहने वाले बाबू और उसके एक साथी से हो गया। बाबू और फैजान के बीच पुराना विवाद चल रहा है। इस विवाद के चलते बाबू ने उसके साथ गाली-गलौज की और चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान चाकू से उसका हाथ जख्मी हो गया। हमला करने के बाद दोनों आरोपी वहाँ से भाग निकले। इस दौरान वहां भगदड़ की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर आई और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर कल रात मोहर्रम का जुलूस निकास चौराहे से शुरू हुआ। जुलूस में शामिल कई लोग भागदौड़ मचा रहा थे और इस दौरान मची भगदड़ में तीन लोग घायल हो गए। इनमें बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को रात में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved