उज्‍जैन न्यूज़ (Ujjain News)

तेज बारिश शुरू हुई…जिले में 24 इंच के आसपास बारिश

  • वेधशाला में इस सीजन में हुई वर्षा का आंकड़ा 20.31 तक पहुंचा-आज भी भारी बारिश की चेतावनी

उज्जैन। कल शाम से लेकर आधी रात तक रूक-रूक कर वर्षा होती रही लेकिन आधी रात बीतते ही झमाझम बारिश शुरू हो गई और सारा माहौल ठंडा कर दिया। रातभर में सवा इंच से ज्यादा पानी बरस गया। वेधशाला में आज सुबह इस सीजन में हुई वर्षा का आंकड़ा 20.31 तक पहुंच गया। बादलों का डेरा जमा हुआ है और आज भी भारी बारिश का अलर्ट है।
रक्षाबंधन से पहले बारिश का दौर फिर लौट आया है। मौसम विभाग ने कल उज्जैन समेत 13 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। हालांकि कल सुबह से लेकर दोपहर और फिर आधी रात तक रूक-रूक कर वर्षा होती रही लेकिन रात 12 बजते ही गरज और आंधी के साथ झमाझम बरसात शुरू हो गई। लगभग एक से सवा घंटे तक तेज बारिश हुई। इसके बाद भी सुबह तक पानी बरसता रहा। वेधशाला से मिली जानकारी के मुताबिक कल सुबह से शाम तक शहरी क्षेत्र में 2 मिमी पानी बरसा था। लेकिन रात से आज सुबह तक 33 मिमी वर्षा हुई, जो 1.29 इंच दर्ज हुई। इसे मिलाकर इस सीजन में आज सुबह तक 516 मिमी अर्थात 20.31 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है। हालांकि औसत आंकड़ा छूने के लिए अभी भी 16 इंच बारिश की दरकार है। इधर आधी रात से शुरू हुई बारिश के बाद भी शहर के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। आगर रोड क्षेत्र में बिजली गुल होने के कारण करीब आधे घंटे अंधेरा पसरा रहा। घरों की लाईट बंद होने साथ-साथ स्ट्रीट लाईट भी कई कॉलोनियों में बंद हो गई थी। लगभग आधे घंटे यह स्थिति बनी रही, इसके बाद जाकर बिजली बहाल हुई।


शिप्रा फिर उफान पर
बारिश के चलते कल सुबह से ही शिप्रा नदी के जलस्तर में वृद्धि होने लगी थी। रात में हुई बारिश के बाद शिप्रा का जलस्तर आज सुबह और बढ़ गया था। इधर रात में तेज बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में एक बार फिर जलजमाव जैसी स्थिति बन गई थी। रात में हुई जोरदार बारिश के कारण दिनभर गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली और माहौल ठंडा हो गया था।

Share:

Next Post

पशु मालिकों ने नई बनी कॉलोनियों में छोड़े मवेशी, लोग हो रहे परेशान

Tue Aug 9 , 2022
नगर निगम कार्रवाई छोड़ आंखे मूंदकर बैठ गया-सड़केें बनने लगी पशु बाड़े उज्जैन। शहर के घने क्षेत्रों में मवेशियों के झुंड लगाने वाले कई पशु मालिकों के निशाने पर अब आगर रोड क्षेत्र में बनी नई कॉलोनियां आ गई है। पहले कार्रवाई की जद में आए बाड़ों के बाद अब उन्होंने नई कॉलोनियों में आवारा […]