img-fluid

आज शहर में देशभक्ति का महाकुंभ, शाम को विशाल तिरंगा यात्रा

August 13, 2025

  • मुख्यमंत्री संग दिग्गज नेता तिरंगे रथ पर होंगे सवार, व्यापारी और समाजजन करेंगे पुष्पवर्षा 

इंदौर। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व आज शहर देशभक्ति के रंग में रंगने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित विशाल तिरंगा यात्रा में देशभक्ति का महाकुंभ दिखाई देगा। शाम 4 बजे राजबाड़ा से गांधी हॉल तक निकलने वाली यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से शामिल होंगे और तिरंगे रंग से सजे भव्य रथ पर सवार होकर शहरवासियों का उत्साह बढ़ाएंगे।

नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया कि 15 अगस्त को देश अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस राष्ट्रीय पर्व को राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर के सभी जिलों में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। शहर की यह यात्रा न केवल देशभक्ति का संदेश देगी, बल्कि विभिन्न समाजों की एकता का प्रतीक भी बनेगी। इस भव्य यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, पूर्व महापौर मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया, मधु वर्मा, मनोज पटेल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार और नगर अध्यक्ष सहित अनेक भाजपा नेता हाथों में तिरंगा लिए शामिल होंगे।

देशभक्ति के तरानों और पारंपरिक नृत्यों से सजेगा आयोजन

यात्रा में ब्रास बैंड और संगीत मंडलियां देशभक्ति के तराने प्रस्तुत करेंगी। आदिवासी नृत्य मंडली पारंपरिक नृत्य के माध्यम से देशभक्ति का संदेश देगी। सिख समाज भगवा पगड़ी में शामिल होगा तो महाराष्ट्रीयन समाज पारंपरिक पोशाक और नासिक ढोल की थाप पर देशभक्ति का उत्साह फैलाएगा।

सैकड़ों मंचों से स्वागत

यात्रा के दौरान शहर के व्यापारी और स्थानीय नागरिक अपने प्रतिष्ठानों को तिरंगे से सजाएंगे और पुष्पवर्षा से देशभक्ति का माहौल बनाएंगे। विभिन्न समाज और व्यापारी संगठन यात्रा मार्ग पर सैकड़ों स्वागत मंच बनाकर अतिथियों का अभिनंदन करेंगे। इसमें युवा, छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट, यूथ क्लब के सदस्य, खिलाड़ी, पारंपरिक वेशभूषा में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, संत समाज, धर्माचार्य और भगवा साड़ी में महिलाएं भी शामिल होंगी।

कल से तैयारियों में जुटा पूरा शहर

भव्य तिरंगा यात्रा को लेकर कल दिनभर तैयारियों का दौर चलता रहा। सबसे पहले भाजपा कार्यालय पर संभाग प्रभारी राघवेंद्र गौतम और नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा की मौजूदगी में अग्रवाल, ब्राह्मण, राजपूत, सिख, जैन, खाती, राठौर, रजक, पाल, फूलमाली, बुंदेला, धानुक, बोहरा, कोली, सिंधी, माहेश्वरी, वाल्मीकि, रविदास सहित कई समाजों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसके बाद यात्रा व्यवस्था टोली, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, मंडल अध्यक्षों, व्यापारी एसोसिएशन और एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज मध्यप्रदेश के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठकों में व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

दो बजे से बड़ा गणपति से राजबाड़ा और रीगल तक डायवर्शन

आज शाम निकलने वाली विशाल तिरंगा यात्रा के लिए यातायात पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों से अतिरिक्त बल की मांग की है। करीब 250 का बल इस पूरे यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था संभालेगा। यातायात पुलिस ने यात्रा के लिए दोपहर 2 बजे से कई रूट डायवर्ट किए हैं, लेकिन मंच और अन्य व्यवस्थाओं के कारण कल रात से ही राजबाड़ा पर व्यवस्था प्रभावित है। शाम 4 बजे से इंदौर में तिरंगा यात्रा का आयोजन राजबाड़ा से गांधी हॉल तक होगा, जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल हो रहे हैं। इस दौरान बड़ा गणपति से रीगल तक यातायात पुलिस का बल डायवर्शन और यातायात व्यवस्था संभालेगा।

मुख्यमंत्री की तिरंगा यात्रा के लिए एक दिन में तैयार कर दिया रथ 

नगर निगम वर्कशॉप विभाग ने कल निर्देश मिलने के बाद रथ तैयार करने का काम शुरू किया था और एक ही दिन सजा-संवरा रथ तैयार कर दिया। इसके लिए कई अनुपयोगी सामानों का प्रयोग किया गया और ऐसी ही एक वैनिटी वैन भी पिछले दिनों बनाई गई थी, जो काफी चर्चा में रही। निगम वर्कशॉप विभाग में इससे पहले कबाड़ से कई कलाकृतियां बनाई गईं, जो शहर के विभिन्न उद्यानों, चौराहों व कई प्रमुख स्थानों पर लगाई गईं। इनमें सफाई कर्मियों के म्यूरल और स्वच्छता को लेकर कई कृतियां बनाई गई थीं। इन सबके साथ ही कई पुराने वाहनों को नया प्रयोग कर छोटी हल्ला गाड़ी के रूप में तब्दील कर दिया गया। आज इंदौर में निकलने वाली तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित कई मंत्री शामिल होंगे। इसके चलते निगम ने खासतौर पर रथ तैयार कराया है।

राजबाड़ा देखने आने वाले पर्यटक होंगे परेशान

राजबाड़ा के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने लगे मंच के कारण आज यहां आने वाले पर्यटक थोड़े परेशान होंगे। पर्यटकों के लिए राजबाड़ा खुला रहेगा, लेकिन इंट्री के लिए साइड से जाना होगा। मंच के साइड से थोड़ा रास्ता छोड़ा गया है। इसके अलावा विभाग लाइट एंड साउंड शो वाले साइड के गेट से भी पर्यटकों को इंट्री देगा।

Share:

  • पहलवान सुशील कुमार की जमानत रद्द, सुप्रीम कोर्ट ने एक हफ्ते के अंदर आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया

    Wed Aug 13 , 2025
    नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने हत्या के एक मामले में पहलवान सुशील कुमार (Wrestler Sushil Kumar) की जमानत रद्द (Bail Cancelled) कर दी है। कोर्ट ने उन्हें एक हफ्ते के अंदर आत्मसमर्पण (Surrender) करने का आदेश दिया है। ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार पर पहलवान सागर धनकड़ की हत्या का मामला दर्ज किया […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved