
इंदौर। लाख कोशिशों के बावजूद ग्रामीण भाजपा की महिला मोर्चा का अध्यक्ष घोषित नहीं हो सका है। इस पद के लिए करीब 6 दावेदार हैं और सभी ने पद को पाने के लिए अपनी ताकत लगा रखी है, जिस पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया जा सका है।
प्रदेश संगठन लगातार जिलों के अध्यक्षों से शेष बचे मोर्चा-प्रकोष्ठ में नियुक्तियों करने को लेकर कह रहा है, लेकिन अभी भी कई जिलों में ये नियुक्तियां नहीं हो पा रही हैं। इसके पीछे कारण बड़े स्तर पर गुटबाजी और विधायकों द्वारा अपने-अपने समर्थक को पद दिलाना माना जा रहा है। शहरी भाजपा में अभी तक युवा मोर्चा अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हो पाई है तो ग्रामीण भाजपा में युवा मोर्चा के साथ-साथ महिला मोर्चा का अध्यक्ष भी खाली पड़ा है।
इसको लेकर पिछले कई दिनों से कवायद की जा रही है, लेकिन अभी तक कवायद पूरी नहीं हो सकी है। कई बार अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं में चर्चा ुहुई, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा। अब एक बार फिर महिला मोर्चा में नियुक्ति को लेकर कवायद शुरू हो गई है, लेकिन एक पद के लिए 6-6 महिला दावेदार कतार में हैं और हर एक इस पद के लिए अपना दावा कर रही हैं। इनमें राऊ विधानसभा क्षेत्र से किरण सूर्यवंशी और शारदा कुशवाह का नाम शामिल है तो महू से माला गुर्जर और ममता पंवार दावेदारी कर रही हैं। देपालपुर और सांवेर विधानसभा से मात्र एक-एक नाम हैं, जिसमें देपालपुर से हेमलता डांगर तथा सांवेर से पूजा बड़जात्या भी शामिल हैं। 6 दावेदार होने की स्थिति में संगठन अभी तक किसी निर्णय पर नहीं पहुंच पा रहा है। अब जिले की भाजपा द्वारा इनमें से तीन नामों का पैनल बनाकर भोपाल भेजने की तैयारी की जा रही है, ताकि विवाद से बचने के लिए भोपाल से ही अधिकारिक तौर पर महिला मोर्चा अध्यक्ष की घोषणा करवाई जा सके। सूत्रों का कहना है कि संभवत: दीपावली के त्यौहार के पहले यह घोषणा हो सकती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved