
नीमच। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के नीमच जिले (Neemuch District) के मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम पड़दा में गुरुवार को नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले ने तूल पकड़ लिया। आरोपी का मकान तोड़ने की मांग को लेकर उग्र हुए ग्रामीणों और पुलिस के बीच जमकर संघर्ष हुआ। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसके जवाब में पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े और लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ना पड़ा। पुलिस ने मौके से कुछ युवकों को हिरासत में लेकर उनकी बाइक जब्त की हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, गांव के ही पंचर की दुकान वाले 55 वर्षीय अब्दुल रहमान पिता गनी मोहमद रहमान पर 13 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप है। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार को चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उसके अवैध मकान को बुलडोजर से जमींदोज किया जाए।
तनाव को देखते हुए पंचायत प्रशासन ने आरोपी के अवैध निर्माण पर नोटिस चस्पा किया और मौके पर जेसीबी भी बुलाई गई। पुलिस अधिकारी लगातार ग्रामीणों को समझाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन भीड़ आरोपी के घर को तुरंत तोड़ने की जिद पर अड़ी थी। इसी बीच कुछ उत्तेजित लोग आरोपी के घर में घुस गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। जब पुलिस बल ने भीड़ को रोकने की कोशिश की, तो उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। आत्मरक्षा और स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस ने पहले लाठीचार्ज किया और फिर आंसू गैस के गोले छोड़े। अचानक हुई इस कार्रवाई से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
एडिशन एसपी नवल सिंह सिसोदिया ने बताया कि छेड़छाड़ की घटना के विरोध में ग्रामीण प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने कानून हाथ में लेने की कोशिश की और पथराव किया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और शांति बनी हुई है। उपद्रव करने वाले कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved