
कैलिफोर्निया. अमेरिका (US) के कैलिफोर्निया (California) में लापता (missing) हुए 22 वर्षीय भारतीय छात्र (Indian student) का शव मिला है। कर्नाटक के रहने वाले साकेत श्रीनिवासैया (Saket Srinivasaiah) नौ फरवरी को लापता हो गए थे, जिसके बाद उनकी तेजी से तलाश की जा रही थी। सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि पुलिस ने भारतीय छात्र का शव बरामद कर लिया है। साकेत श्रीनिवासैया अमेरिका में रहकर पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे थे और कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले के छात्र थे।
सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पोस्ट में जानकारी देते हुए बताया कि छात्र का पुलिस ने शव बरामद कर लिया है। शव को जल्द से जल्द भारत वापस भेजने के लिए सभी आवश्यक सहायता का आश्वासन दिया है। बयान में कहा गया कि इस अत्यंत कठिन समय में हम उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।
बता दें कि साकेत को लापता होने से पहले कैंपस से लगभग एक किलोमीटर दूर आखिरी बार देखा गया था, जिसके बाद अंजा झील और बर्कले हिल्स इलाके के आसपास पूरे शहर में तलाशी अभियान चलाया गया। बाद में कैंपस के पास ही टिल्डेन रीजनल पार्क के नजदीक एक आवास के पास उनका पासपोर्ट और लैपटॉप वाला एक बैग भी मिला।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved