
नई दिल्ली: तमिलनाडु की राजनीति में इस बार बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. करीब 60 साल से राज्य की राजनीति पर राज करने वाली DMK और AIADMK को इस चुनाव में बड़ा झटका लगा है. ताजा रुझानों के मुताबिक अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी TVK (तमिलगा वेत्री कड़गम) सबसे आगे चल रही है और इतिहास रचने की ओर बढ़ रही है. बता दें कि इस धमाकेदार प्रदर्शन के बाद जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी चर्चा में हैं. वैसे तो उन्होंने बिहार के पिछले चुनाव में खुद अपनी पार्टी के लिए जीत का गलत अनुमान लगाया था. लेकिन इस बार उन्होंने टीवीके की जीत की भविष्यवाणी पहले ही कर दी थी.
अब तक मिले रुझानों में TVK करीब 109 सीटों पर आगे है. तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए 118 सीटों का जादुई आंकड़ा चाहिए. ऐसे में संकेत मिल रहे हैं कि अगर यही रुझान जारी रहे, तो विजय की पार्टी आसानी से बहुमत हासिल कर सकती है. ये नतीजा इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि यह राज्य की पारंपरिक राजनीति को पूरी तरह बदल दिया है.
चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने पहले ही दावा किया था कि अगर विजय की पार्टी अकेले चुनाव लड़ती है, तो वह 118 सीटें जीत सकती है. अब जब रुझान उनके दावे के करीब पहुंचते दिख रहे हैं, तो उनका बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. उन्होंने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा था, ‘विजय अगर अकेले चुनाव लड़ते हैं तो वो 118 सीटों पर चुनाव जीत सकते हैं. आप इसे नोट कर लीजिए. ‘
बता दें कि प्रशांत किशोर ने फरवरी 2025 में TVK के साथ काम करना शुरू किया था. हालांकि जुलाई 2025 में उन्होंने बिहार चुनाव की व्यस्तता के कारण सलाहकार की भूमिका से दूरी बना ली थी. इसके बावजूद उन्होंने विजय को तमिलनाडु के लिए नई उम्मीद बताया था. पिछले साल फरवरी में प्रशांत किशोर ने कहा था, “मैं यहां अपने दोस्त या भाई विजय की मदद करने नहीं आया हूं, क्योंकि उन्हें मेरी मदद की जरूरत नहीं है. वह तमिलनाडु के लिए एक नई उम्मीद हैं, इसलिए मैं यहां हूं.”
किशोर ने पिछले साल एक बयान में कहा था कि राजनीति में रणनीति बनाना और खुद चुनाव लड़ना अलग बात है, लेकिन सही रणनीति जीत की राह आसान कर देती है. किशोर ने वंशवाद पर भी निशाना साधते हुए कहा था कि अगर सिर्फ बड़े नामों के बच्चे ही आगे बढ़ते, तो सचिन तेंदुलकर, एमएस धोनी और विराट कोहली जैसे खिलाड़ी देश को नहीं मिलते.
किशोर ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि तमिलनाडु में उन्हें सबसे लोकप्रिय बिहारी बनना है. इसलिए उन्हें धोनी से मुकाबला करना होगा, जो चेन्नई सुपर किंग्स को जिताते हैं. उन्होंने भाषण देते हुए कहा था “मैं भी आपके नेता विजय के साथ TVK को जीत दिलाऊंगा’.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved