
मॉस्को । यूक्रेन (Ukraine) पर रूस (Russia) के हमले के 24वें दिन भी दोनों देशों की सेनाएं आमने-सामने हैं। तमाम अंतरराष्ट्रीय प्रयास विफल होने के बाद अब रूस और यूक्रेन अपने अपने देशों में युद्ध को लेकर वातावरण बनाने में लगे हैं। यूक्रेन पर हमले को लेकर देश के बाहर ही नहीं, भीतर भी विरोध का सामना कर रहे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन (President Vladimir Putin) ने मॉस्को में युद्ध (war) के प्रति आम जनता का समर्थन दिखाने की कोशिश की है। शुक्रवार रात बड़ी संख्या में लोग रूस की राजधानी मॉस्को (moscow) की सड़कों पर उतरे और युद्ध के समर्थन का ऐलान किया। इस दौरान राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन भी इस रैली का हिस्सा बने और युद्ध को सही ठहरा रहे रूस के नागरिकों का मनोबल बढ़ाया।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को अपने देश के भीतर भी युद्ध के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। रूस के सरकारी टेलीविजन चैनल पर उसी चैनल की एक संपादक ने लाइव प्रसारण के दौरान विरोध के स्वर मुखर कर दिये थे। अब रूस में राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के समर्थक भी सक्रिय हो गए हैं। शुक्रवार रात राजधानी मॉस्को में युद्ध समर्थकों ने लुझकिनी स्टेडियम के भीतर व बाहर एक बड़ी रैली की। मॉस्को पुलिस के मुताबिक इस रैली में दो लाख से अधिक लोग मौजूद थे। यूक्रेन से छीने गए क्रीमियाई प्रायद्वीप पर रूस के कब्जे की आठवीं वर्षगांठ पर आयोजित इस रैली में हिस्सा लेने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन भी पहुंचे। पुतिन के मंच पर आने के दौरान वक्ताओं ने उनकी सराहना करते हुए उन्हें यूक्रेन में नाजीवाद से लड़ने वाला नेता करार दिया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved