img-fluid

Weather: पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी, केदारनाथ में पारा -13; मैदान में बढ़ी ठंड, उत्तर भारत में ठिठुरने लगे लोग

December 09, 2025

नई दिल्ली। उत्तर भारत (North India) में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और जेट स्ट्रीम (Jet Stream) यानी वायुमंडल की ऊपरी परत में चलने वाली तेज हवाओं ने मौसम के मिजाज को पूरी तरह बदल दिया है। हिमालयी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में तापमान में तीव्र गिरावट दर्ज की जा रही है। कड़ाके की ठंड के साथ कोहरा बढ़ने लगा है और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है। उत्तराखंड के केदारनाथ (Kedarnath) के ऊंचाई वाले पहाड़ों पर बर्फबारी से पारा गिरकर -13 डिग्री पर पहुंच गया है।

सुबह-शाम पाला पड़ने से तापमान 10 डिग्री तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग मुताबिक, मध्य स्तर पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है जबकि लगभग 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर उपउष्णकटिबंधीय जेट स्ट्रीम में करीब 115 नॉट्स की रफ्तार से हवाएं बह रही हैं। इन दोनों प्रणालियों के संयोजन से उत्तर भारत में ठंड और बादल बनने की गतिविधि बढ़ी है। रात का पारा तेजी से गिर रहा है। उत्तर भारत के मैदानी व पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ने के आसार हैं।


बर्फबारी को लेकर मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, बद्रीनाथ, केदारनाथ, औली, मुनस्यारी और हर्षिल जैसे ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी संभव है। मैदानी जिलों में हल्की बारिश, घना कोहरा और ठंडी हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 4 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शून्य से नीचे रिकॉर्ड किया जा सकता है। चमोली की नीती घाटी मे मौसम के बदलने के बाद क्षेत्र के उंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हुई है। नीती घाटी से ग्रामीण भी अब अपने शीतकालीन प्रवास की ओर लौट चुके हैं। घाटी में केवल होम स्टे संचालक ही बचे हैं।

मध्य भारत में शीतलहर की चेतावनी
मध्य प्रदेश, उत्तरी विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 9 दिसंबर को शीतलहर की स्थिति बन सकती है जहां तापमान सामान्य से काफी नीचे रहने के आसार हैं। ओडिशा में भी पारा गिरने और कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में भी अगले दो-तीन दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिरने की संभावना जताई गई है। देश में कल का अधिकतम तापमान कर्नाटक के कारवार में 35.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पंजाब के आदमपुर में 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पूर्वोत्तर में 12 दिसंबर तक घना कोहरा छाए रहने के आसार
मौसम विभाग ने असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12 दिसंबर तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। कम दृश्यता के कारण सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। पूर्वी बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवात सक्रिय है। दक्षिण-पूर्व व दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में हवा की गति 35 से 45 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 55 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। समुद्र में ऊंची लहरों की आशंका को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

हिमाचल- बारिश-बर्फबारी और कोहरे का येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव स्पष्ट दिख रहा है। चंबा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू और कांगड़ा के ऊंचे हिस्सों में मंगलवार को बारिश और बर्फबारी की संभावना है। बिलासपुर और मंडी में भी 9 दिसंबर को कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे दृश्यता बेहद कम रह सकती है। सप्ताह के अंत तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और 13 दिसंबर तक किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

जम्मू-कश्मीर- पहलगाम सबसे ठंडा…
जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। पहलगाम प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। श्रीनगर में तापमान माइनस 0.9 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तरी और मध्य कश्मीर के पर्वतीय इलाकों में हल्की बर्फबारी के संकेत हैं, जिसके लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Share:

  • OTT Top 5: ‘बिग बॉस’ के आगे फीका पड़ा अमिताब का ‘KBC’, इंडियन आइडल ने बनाई जगह

    Tue Dec 9 , 2025
    मुंबई। OTT प्लेटफॉर्म्स पर सिर्फ फिल्में ही नहीं, बल्कि नॉन-फिक्शन (non-fiction Sho) शोज भी खूब पसंद किए गए हैं। ये वही शोज हैं जिन्हें टीवी पर जबरदस्त TRP मिलने के बाद OTT ऑडियंस ने भी पसंद किया। ये शोज इस पूरे हफ्ते में सबसे ज्यादा बार देखे गए। 1 से 7 दिसंबर 2025 के बीच […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved