
इंदौर। इंदौर में ऑनलाइन फ्रॉड के मामले लगातार बढ़ते जा रहे है, ताजा मामला पुलिस के ज़ोन-3 से सामने आया है। जहां अलग-अलग थानों में धोखाधड़ी के पांच प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में ठगों ने ऑनलाइन माध्यम से 20 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और रकम वापस दिलाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
दरअसल, इंदौर पुलिस के ज़ोन-3 अंतर्गत चार थानों में ऑनलाइन ठगी के पांच अलग-अलग मामले दर्ज हुए हैं, इनमें एक मामला छोटी ग्वालटोली थाना क्षेत्र, एक पलासिया, एक तुकोगंज और दो मामले बाणगंगा थाना क्षेत्र में दर्ज किए गए हैं। सभी मामलों में आरोपियों ने अलग-अलग तरीके से ऑनलाइन फ्रॉड कर फरियादियों से 20 लाख रुपये से ज्यादा की रकम ठग ली। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है, साथ ही जिन बैंक खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी डिटेल खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर फ्रॉड के इन मामलों में तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पुलिस यह भी कोशिश कर रही है कि जिन लोगों के साथ ठगी हुई है, उन्हें उनकी राशि वापस दिलाई जा सके। वही लगातार बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड के मामलों को देखते हुए पुलिस ने आम लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल से बचने की अपील की है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved