
कोलकाता। पश्चिम बंगाल (West Bengal) के भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार (BJP President Sukant Majumdar) को आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्हें उस वक्त गिरफ्तार किया गया, जब वह हावड़ा स्थित प्रदर्शन स्थल की तरफ जा रहे थे। पैगंबर मोहम्मद (Prophet Muhammad) पर नूपुर शर्मा के विवादास्पद बयान के बाद उपजे विवाद के चलते यहां पर विभिन्न इलाकों में धारा 144 लगी हुई है। वहीं इस मुद्दे को लेकर यहां भाजपा और मुख्यमंत्री ममता के बीच सियासी रार ठन गई है। एक तरफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे भाजपा का गुनाह बताया। दूसरी तरफ भाजपा विधायक भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को फ्लॉप बता दिया।
भाजपा विधायक ने उठाया सवाल
सुकांत मजूमदार को सेकंड हुगली ब्रिज पर गिरफ्तार किया गया। वहीं पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि मुख्यमंत्री यहां क्या कर रही हैं? प्रदेश में कानून व्यवस्था की हालत बदतर हो चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर आज सुबह सुकांत मजूमदार को आखिर घर में नजरबंद क्यों किया गया था? अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि प्रदेश में जो हालत है उसे देखते हुए यहां पर आर्मी और पैरामिलिट्री फोर्सेज लगा देनी चाहिए। गौरतलब है कि सुकांत मजूमदार को पहले हाउस अरेस्ट किया गया था। बाद में उन्हें प्रदर्शन स्थल पर जाते वक्त गिरफ्तार कर लिया गया।
अब तक 70 से अधिक गिरफ्तार
वहीं टीएमसी के सांसद सुखेंदु शेखर रे ने कहा कि प्रशासन ने अभी तक 70 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहाकि इस मामले में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जो लोग भी माहौल खराब करेंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। टीएमसी सांसद ने कहा कि राज्यपाल धनखड़ और भाजपा के नेता लोगों को उकसाने वाले बयान जारी कर रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved