
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है। वहीं चुनाव से पहले एक बार फिर राज्य चुनाव आयोग ने प्रदेश में बड़े पैमाने पर तबादला किया है। राज्य चुनाव आयोग ने प्रभारी अधिकारियों और ब्लॉक विकास अधिकारियों सहित 267 अधिकारियों का तबादला कर दिया है। वहीं इस ट्रांसफर को लेकर वकील कल्याण बनर्जी ने चुनौती देने के लिए मुख्य न्यायाधीश की खंडपीठ का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने मामला दर्ज करने की अनुमति मांगी है और तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया है। मुख्य न्यायाधीश की खंडपीठ ने मामला दर्ज करने की अनुमति दे दी है। इस मामले पर सुनवाई कल होने की संभावना है।
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए 184 पुलिस अधिकारियों का तबादला किया है। इसमें विभिन्न थानों के प्रभारी और प्रभारी निरीक्षकों का तबादला किया गया है। इस ट्रांसफर लिस्ट की बात करें तो इसमें कोलकाता पुलिस के अधीन आने वाले 31 थाने भी शामिल हैं। बता दें कि इससे पहले रविवार को कोलकाता के भवानीपुर और पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम जैसे महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्रों के अधिकारियों का भी तबादला किया गया।
इसके अलावा पश्चिम बंगाल के 18 जिलों में 83 बीडीओ और एआरओ का तबादला भी किया गया है। इसमें कूच बिहार के दिनहाटा-दो से लेकर दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर-एक और दो तक के ब्लॉक शामिल हैं। साथ ही रामनगर, नंदीग्राम-एक और दो, नानूर, लाभपुर, सूरी-एक, मोहम्मद बाजार, इलंबजार और मयूरेश्वर-एक भी शामिल हैं। तबादलों से प्रभावित जिलों में कूच बिहार, जलपाईगुड़ी, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद, नदिया, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली, पूर्वी और पश्चिमी मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुरा, पूर्वी और पश्चिमी बर्धवान और बीरभूम शामिल हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved