
नई दिल्ली: लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर पीएम मोदी का भाषण टलने पर स्पीकर ओम बिरला ने नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसदों ने पीएम की कुर्सी को घेर लिया था, जिस वजह से मैंने उन्हें लोकसभा में नहीं आने की सलाह दी थी. लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, ‘देश ने देखा कि कल सदन में क्या हुआ. सबने देखा कि कैसे सांसदों ने सदन में PM की कुर्सी की तरफ जाने की कोशिश की.’
सदन की कार्यवाही स्थगित होने से पहले लोकसभा स्पीकर ने गुरुवार (5 फरवरी 2026) को कहा, ‘सदन में जो हुआ वह एक तरह से काले धब्बे की तरह था. मेरे पास पुख्ता ऐसी जानकारी आई कि कांग्रेस सांसद प्रधानमंत्री के पास पहुंचकर कोई भी अप्रत्याशित घटना कर सकते हैं. अगर ये घटना हो जाती तो यह बेहद निंदनीय नहीं होती. मैंने पीएम से आग्रह किया कि उन्हें सदन में नहीं आना चाहिए और उन्होंने मेरी बात मानी.’
स्पीकर ने कहा कि लोकसभा के चैंबर में आकर कुछ सासंदों ने हंगामा किया और उन्हें पहले से जानकारी थी कि कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी सांसद प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान अव्यवस्था पैदा करने की कोशिश कर सकते हैं. उन्होंने कहा, ‘हमारी संसदीय प्रणाली में संविधान ने सदन के सभापति का गरिमामयी स्थान सुनिश्चित किया है. राजनीतिक मतभेदों को संसद के पटल पर नहीं लाया गया है.’
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved