पटना। पटना के चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर खान सर (Khan Sir) उर्फ फैजल खान इन दिनों सुर्खियों में हैं। खान ग्लोबल इंस्टीट्यूट (Khan Global Institute) में हुए विवाद और उसके बाद दर्ज एफआईआर (FIR) के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर खान सर कहां हैं? पुलिस कार्रवाई तेज होने के बीच खान सर सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं, जिससे उनके ‘अंडरग्राउंड’ होने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है।
दरअसल, 2 जून को पटना के मुसल्लहपुर इलाके स्थित खान कोचिंग सेंटर में हुए विवाद के बाद खान सर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन पर कथित तौर पर गोली चलवाने, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की गैर-जमानती धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
मामले में दिलचस्प पहलू यह भी है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद खान सर ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि वह जांच में पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा था कि यदि उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है, तो वह कानून प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। लेकिन अब एफआईआर के बाद उनके सामने न आने से सवाल खड़े होने लगे हैं।
शनिवार को ऐसी चर्चाएं थीं कि खान सर पटना सिविल कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं, लेकिन वह अदालत नहीं पहुंचे। न ही उनकी ओर से अग्रिम जमानत के लिए कोई याचिका दायर की गई। बाद में उनके वकील ने जानकारी दी कि खान सर फिलहाल सरेंडर नहीं करेंगे और सोमवार या मंगलवार को अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया जा सकता है।
इससे पहले 3 जून को खान सर ने पटना पुलिस और राज्य सरकार की कार्रवाई की तारीफ भी की थी। उन्होंने कहा था कि कोचिंग सेंटर में हुए बवाल और तोड़फोड़ के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और आरोपितों को पकड़ा, जो सराहनीय है।
वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में खान सर के दो निजी सुरक्षा गार्डों द्वारा कथित फायरिंग दिखने के बाद दूसरी एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने दोनों गार्डों को गिरफ्तार कर लिया है और उनकी राइफलें भी जब्त कर ली गई हैं। आरोप है कि यह फायरिंग खान सर के कहने पर की गई थी, जिसके आधार पर उनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस की नजरें खान सर की अगली कानूनी रणनीति पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि वह अग्रिम जमानत का रास्ता चुनते हैं या पुलिस के सामने पेश होते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved