
बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है. यहां एक पति ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करते हुए अपनी ही पत्नी का सौदा कर डाला. फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. घटना की शुरुआत 6 फरवरी को हुई, जब आरोपी पति ने अपनी पत्नी को गैस चूल्हे के कागजात बनवाने के बहाने घर से बाहर निकाला.
पीड़िता के अनुसार- जब वो दोनों सुरैनी पापड़ी तिराहे के पास पहुंचे, तो वहां पति के दो दोस्त, पप्पू और बालकिशन पहले से मौजूद थे. आरोप है कि पति ने महज एक हजार रुपये के लालच में अपनी पत्नी को दरिंदे दोस्तों के हवाले कर दिया. फिर खुद किसी काम का बहाना बनाकर वहां से खिसक गया. उसने पत्नी को अपने दोस्तों के साथ बाइक पर घर लौटने को कहा.
आरोपी पप्पू और बालकिशन महिला को घर ले जाने के बजाय रास्ते में स्थित लिप्टस के एक सुनसान बाग में ले गए. वहां दोनों ने असहाय महिला के साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया. हैवानियत के बाद आरोपी पीड़िता को उसी हालत में जंगल में छोड़कर फरार हो गए.
किसी तरह हिम्मत जुटाकर जब पीड़िता घर पहुंची और अपने पति को आपबीती सुनाई, तो पति का जवाब दिल दहला देने वाला था. उसने पश्चाताप करने के बजाय निर्लज्जता से कहा कि वो उससे ऐसे ही पैसे कमाएगा. इस भयानक सच के सामने आने के बाद पीड़िता ने अपने जेठ को सूचना दी और थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई.
थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर पर पति समेत तीनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है.

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved