
इंदौर। मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रदेश के चार प्रमुख स्थलों को जोडऩे की योजना ‘ओंकार सर्किट’ को लेकर काम शुरू कर दिया गया है। ओंकारेश्वर, महेश्वर में पर्यटक सुविधा केंद्र और पर्यटक सूचना केंद्र के निर्माण से इसकी शुरुआत हो जाएगी। विभाग ने इसके लिए कल टेंडर कर दिए हैं। इसके साथ ही ओंकारेश्वर, महेश्वर और उज्जैन में चल रहे विभाग के होटल के कामों में भी तेजी आई है।
‘ओंकार सर्किट’ का काम 70 करोड़ रुपए में होगा, जो इंदौर, उज्जैन, महेश्वर और ओंकारेश्वर को जोड़ेगा। इंदौर इसका सेंटर पॉइंट होगा, जहां टीएफसी सेंटर (टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर) तैयार किया जाएगा। सिंहस्थ से पहले ‘ओंकार सर्किट’ तैयार करने की कड़ी में शुरुआत ओंकारेश्वर में पर्यटक सुविधा केंद्र, ओंकारेश्वर में ही पर्यटक सूचना केंद्र और महेश्वर में पर्यटक सूचना केंद्र के निर्माण से की जा रही है। ये क्रमश: 1088.55 लाख, 923.81 लाख और 161.50 लाख में 6 से 15 महीने के भीतर तैयार होंगे। विभाग ने कल टेंडर कर दिए हैं। जल्दी ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
साइनेज से लेकर रियल टाइम ऐप भी
विभाग इसके लिए एक रियल टाइम ऐप भी तैयार कर रहा है, जिसमें इन शहरों की तमाम जानकारियां, प्रमुख स्थल मौजूद होंगे। यह ऐप यहां के तमाम परिवहन के साथ ही होटल और शहरों की दूरी, रास्ते के साथ खान-पान की जानकारी भी देगा। इससे पर्यटकों को यात्रा के दौरान सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी। इस ऐप के माध्यम से पर्यटक अपनी यात्रा के लिए परिवहन साधनों की बुकिंग भी कर सकेंगे। पूरे सर्किट में कई तरह के साइनेज भी लगाए जाएंगे। इंदौर-ओंकारेश्वर के बीच और इंदौर-उज्जैन के बीच एक-एक डब्ल्यूएसए (वे साइड एमिनिटीज) तैयार होंगे। इंदौर का टीएफसी सेंटर आईएसबीटी पर होगा।
हेरिटेज होटल का विस्तार सिंहस्थ से पहले
इसके साथ ही विभाग सिंहस्थ से पहले इंदौर रीजन के अपने सभी प्रमुख होटल के विस्तार के साथ ही उन्हें फिर से संवारने का काम कर रहा है। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक उज्जैन के पुराने तीनों होटल में कमरों के साथ ही कई सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। साथ ही महेश्वर में भी कॉटेज, कमरे, रेस्टोरेंट और रिसेप्शन एरिया तैयार किया जा रहा है। उज्जैन के हेरिटेज होटल सम्राट विक्रमादित्य द हेरिटेज (महाराजवाड़ा) का भी विस्तार कर नई बिल्डिंग तैयार कर कमरे बढ़ाए जा रहे हैं, जिसकी प्रक्रिया विभाग शुरू कर चुका है। इसे भी सिंहस्थ से पहले पूरा कर लिया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved