
डेस्क: यमन के हूतियों ने इस बार सीधे संयुक्त राष्ट्र को चुनौती दी है। हूती विद्रोहियों ने संयुक्त राष्ट्र की टीम के 9 कर्मचारियों पर हमला करने के बाद उन्हें बंधक बना लिया है। बता दें कि गाजा पर इजरायली हमले के विरोध में उतरे हूतिये लाल सागर में लगातार आतंक का पर्याय बने हैं और वह विभिन्न देशों की जहाजों को निशाना बना रहे हैं। इसी कड़ी में अब बढ़ते वित्तीय दबाव और अमेरिका के नेतृत्व वाले गठबंधन से हवाई हमलों का सामना कर रहे हूती विद्रोहियों ने संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों के कम से कम नौ यमनी कर्मचारियों को अस्पष्ट परिस्थितियों में बंधक बना लिया है।
अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी तो संयुक्त राष्ट्र तक खलबली मच गई। अधिकारियों ने कहा कि सहायता समूहों के लिए काम करने वाले अन्य लोगों को भी बंधक बनाए जाने की आशंका है। ये घटना ऐसे समय हुई है जब हूती विद्रोहियों ने लगभग एक दशक पहले यमन की राजधानी पर कब्जा कर लिया था और उसके बाद से ही सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के साथ लड़ रहे हैं। हूती विद्रोहियों ने गाजा पट्टी में इजराइल-हमास युद्ध को लेकर लाल सागर गलियारे में जहाजों को निशाना बनाया है।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved