
गुरुग्राम । गुरुग्राम (Gurugram) में एक युवक त्रिपुरा (Tripura) की रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड (girlfriend) के चरित्र पर शक करता था. जिसके चलते वह आए दिन उससे मारपीट करता था. लेकिन बीते दिनों उसने क्रूरता की सारी हदें पार कर दी और युवती को इतना पीटा कि उसकी हालत गंभीर हो गई. जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. अब इस पूरे मामले में 19 वर्षीय पीड़िता का बयान आया है.
युवती ने गुरुग्राम पुलिस को बताया कि उसके पार्टनर ने उसके प्राइवेट पार्ट्स पर सैनिटाइजर डालकर आग लगा दी. युवती ने आगे दावा किया कि उसके पार्टनर ने उसके सिर पर मेटल की बोतल मारी और फिर उसे दरवाजे और अलमारी पर पटक दिया. युवती के मुताबिक वह और शिवम (आरोपी) सितंबर 2025 में एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप के ज़रिए मिले थे. जिसके कुछ ही महीनों बाद साथ रहने लगे.
युवती ने आगे दावा किया कि उसके पार्टनर ने न सिर्फ़ उसके साथ मारपीट की बल्कि उस पर चाकू से भी हमला किया. यह मारपीट लगातार 3 दिनों तक चली. आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए. फिलहाल पूरे मामले में गुरुग्राम पुलिस ने सेक्शन 115(2): जानबूझकर चोट पहुंचाना, 118(1) खतरनाक हथियारों से जानबूझकर चोट पहुंचाना, 127 (2) गलत तरीके से कैद करना, 69: सेक्सुअल इंटरकोर्स के तहत FIR दर्ज की है.
ज्यूडिशियल कस्टडी में है आरोपी
गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर लिया है और उसे ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया है. पुलिस ने बताया कि आरोपी पर पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था. जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल युवती की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसका सफ़दरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है.
पीड़िता की मां ने क्या कहा?
पीड़िता की मां ने कहा कि मेरी बेटी ने मुझे फ़ोन किया और मारपीट से बचाने की गुहार लगाई. मां की मांग है कि आरोपी शिवम के ख़िलाफ़ रेप और हत्या की कोशिश की धाराएं भी लगाई जाएं. मां का कहना है कि उन्हें नहीं पता था कि उनकी बेटी गुरुग्राम में शिवम के साथ रह रही है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved