
इंदौर। एक युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसका एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि युवक ने उसे शादी का झांसा दिया, लेकिन शादी नहीं कर रहा था। युवक के पिता पर भी युवती के पिता ने आरोप लगाए हैं। 23 साल की रिया पिता संजू निवासी कालिंदी गोल्ड के शव का एमवाय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। रिया ने करीब दो साल पहले पढ़ाई छोड़ दी थी। रिया और विजय कौशल निवासी हीरानगर के बीच प्रेम प्रसंग था। बीते तीन दिन से विजय और रिया साथ थे।
कल जब रिया और विजय को उसके परिजन ने हीरानगर और एमआर-10 के बीच देखा तो रिया की हालत खराब थी। उसे और विजय को परिजन लेकर घर आ गए। कुछ देर बाद रिया बहाने से कमरे में गई और फांसी लगा ली। रिया के पिता का कहना है कि विजय और विजय के पिता ने रिया का जीवन खराब कर दिया था। विजय ने उससे शादी का वादा किया, लेकिन वह उसे धोखा दे रहा था। उसके पिता ने भी इस शादी से इनकार कर दिया। इसी के चलते रिया ने जान दे दी।
ई-रिक्शा चालक ने भी मौत को गले लगाया
एक ई-रिक्शा चालक ने मौत को गले लगा लिया। एमआईजी पुलिस ने बताया कि 34 वर्षीय रवि पिता दिनेश निवासी जगजीवनराम नगर ने फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि विजय दिव्यांग था। उसकी तीन बेटियां हैं। पुलिस पता लगा रही है कि उसने यह कदम क्यों उठाया।
छत पर सो रहा शख्स तीसरी मंजिल से गिरा, मौत
रात को छत पर सो रहा एक शख्स तीसरी मंजिल से गिर गया। सुबह छत पर जाकर देखा तो वह वहां नही मिला। बाद में पता चला कि वह तो नीचे गिर गया। उसकी मौत भी हो चुकी थी। 42 साल के नंदराम पिता करण निवासी रेवती रेंज के शव का एमवाय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। परिजन ने बताया कि बीते दो-तीन दिन से वह छत पर सो रहा था। छत पर केवल दो फीट की मुंडेर थी। कल रात करीब 12 बजे वह तीसरी मजिल स्थित छत से गिर गया। सुबह घटना की जानकारी लगी, तब तक नंदराम की मौत हो चुकी थी। नंदराम के दो बच्चे हैं। उधर पुलिस का कहना है कि घटना को लेकर जांच की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved