
जबलपुर। लार्डगंज थाना क्षेत्रातंर्गत दुर्गा चौक में मंगलवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर एक तत्व ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। युवक को लहूलुहान हालत में अपनी जान बचाकर भागने लगा तो आरोपी उसके पीछे दौड़ा, लोगों की भीड़ एकत्रित होते देख आरोपी मौके से भाग निकला। जिसके बाद क्षेत्रीयजनों ने घायल युवक को गोलबाजार स्थित निजी अस्पताल में उपचार के लिये भर्ती कराया।पुलिस ने बताया कि गुप्ता कालोनी निवासी चिंटू करिया अपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है। जिसकी दुर्गा चौक निवासी राजा नामदेव नामक युवक से पुरानी रंजिश है। आज सुबह जब राजा अपने मोहल्ले में घूम रहा था, उसी समय चिंटू करिया वहां पहुंचा और गालीगलौज करते हुए राजा से विवाद करने लगा। राजा कुछ समझ पाता इससे पूर्व ही चिंटू ने अपने पास से धारदार चाकू निकाला और राजा पर हमला कर दिया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया। उक्त हमले में राजा के हाथ पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटे आई है, जिसे उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved