
भोपाल। दीपावली का त्योहार सिर पर है, लेकिन मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के 7 लाख 50 हजार कार्यरत और 4 लाख 50 हजार पेंशनर कर्मचारियों (Pensioner employees) को महंगाई भत्ते का इंतजार खत्म नहीं हो रहा। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने तमाम सरकारी कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक की। सरकार से जनवरी 2026 से लंबित 2% महंगाई भत्ता/महंगाई राहत तत्काल जारी करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी भी दी है। यदि मांग पूरी नहीं हुई तो सभी सरकारी कर्मचारी और पेंशनर्स इस बार कई दीपावली मनाएंगे।
तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के महामंत्री उमाशंकर तिवारी ने बताया कि केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को 60% महंगाई भत्ता दे रही है, जबकि मध्यप्रदेश में कर्मचारियों को अभी भी 58% ही मिल रहा है। पिछले 10 महीने में कई त्योहार निकल गए, अब दीपावली आने वाली है, लेकिन सरकार ने अभी तक कोई घोषणा नहीं की। तिवारी ने बताया कि 2% DA न मिलने के विरोध में कल 22 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे शासकीय केंद्रीय मुद्रणालय, डाक भवन के सामने कर्मचारी भोजन अवकाश के दौरान सरकार से गुहार लगाएंगे। साथ ही राजधानी भोपाल सहित सभी जिला मुख्यालयों पर गुरुवार को भोजन अवकाश में ध्यानाकर्षण किया जाएगा।
700 करोड़ vs 1834 करोड़ – संघ ने उठाया सवाल
संघ ने सरकार के खर्च पर सवाल उठाते हुए कहा कि कर्मचारियों को 2% वृद्धि और 10 महीने का एरियर देने पर सरकार पर मात्र 700 करोड़ का भार आएगा, जबकि सरकार हर महीने 1.25 करोड़ लाडली बहनों को 1834 करोड़ रुपये दे रही है। महंगाई सबके लिए बराबर है तो महंगाई भत्ता बराबर क्यों नहीं? केंद्र बोनस दे रहा है और यहां कर्मचारी जनवरी से इंतजार कर रहे हैं। प्रदेश में 850 अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों को तो केंद्र की तिथि से 2% DA दे दिया गया, लेकिन बाकी कर्मचारियों को वंचित रखा गया है। मार्च से जून तक घरेलू गैस 100 रुपये महंगी हो गई, मई में चार बार पेट्रोल-डीजल बढ़ा, दूध, चावल, शक्कर, दाल के दाम बढ़े हैं, जिससे कर्मचारियों का बजट गड़बड़ा गया है। संघ ने 58% से बढ़ाकर 60% DA 1 जनवरी 2026 से देने की मांग की है।
बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने
इस मामले पर अब सियासत भी शुरू हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मानक अग्रवाल ने कहा कि सरकार 700 करोड़ रुपए अपने राजस्व को बढ़ाने के लिए रखी हुई है जबकि यह राशि कर्मचारियों के हक की है। डबल इंजन की सरकार कर्मचारियों के हक को अदा नहीं कर पा रही है। वहीं भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया ने कहा कि सरकार हमेशा कर्मचारी हित में रही है। महंगाई भत्ता हो महंगाई राहत हो या एरियर का भुगतान। सब समय-समय पर कर्मचारियों को दिया जाएगा। सरकार ने लगा तारीख के बाद एक कर्मचारी के हित में फैसले लिए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved