
भोपाल। राजधानी भोपाल में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए अनोखा क्रिकेट महोत्सव शुरू हुआ है, जो लगातार 100 घंटे तक चलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नेहरू नगर स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड पहुंचकर इस टी-20 टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि हौसले और आत्मविश्वास का उत्सव है। उन्होंने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि शारीरिक चुनौतियों के बावजूद मैदान में उतरना अपने आप में प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन वर्ल्ड रिकॉर्ड की दिशा में एक प्रयास है और इसके लिए संबंधित संस्थाओं में आवेदन किया गया है।
यह टूर्नामेंट दिन-रात लगातार पांच दिन तक जारी रहेगा। 100 घंटे की इस मैराथन प्रतियोगिता में देश के 25 राज्यों के खिलाडी भाग लेंगे। कुल 25 टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे। सभी मैच 20-20 ओवर के होंगे। देश के विभिन्न हिस्सों से आई 6 टीमें इसमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें 8 राज्यों के खिलाड़ी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन से खेलों को बढ़ावा मिलेगा और समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा। उन्होंने आयोजनकर्ताओं और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दिव्यांगजन अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से हर चुनौती को अवसर में बदल सकते हैं।
आयोजकों के अनुसार, इस 100 घंटे के निरंतर क्रिकेट आयोजन को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, लिंका बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने के लिए आवेदन किया गया है। यदि यह प्रयास सफल रहता है, तो भोपाल एक नई उपलब्धि अपने नाम दर्ज करेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved