
इंदौर। इंदौर को स्वच्छ के साथ-साथ सैफ सिटी बनाने के लिए आज महिलाओं के साथ छात्राओं की भागीदारी भी रहेगी। सुबह 9.30 बजे से नेहरू स्टेडियम में 26 से अधिक स्कूलों के छात्रों के साथ-साथ महिलाओं में भी जोश देखने को मिला। एक तरफ जहां रंगोली प्रतियोगिता में महिलाओं के प्रति सुरक्षा के संदेश नजर आए, वहीं दस हजार से अधिक बच्चों ने सुबह से ही वंदे मातरम और भारत माता के जयघोष से नेहरू स्टेडियम गुंजायमान कर दिया।

पिंक गुब्बारों से सजे मुख्य द्वार से प्रवेश लेते ही नेहरू स्टेडियम नारीमय नजर आया। एक तरफ जहां महिलाओं के हिमोग्लोबिन की जांच चल रही है, वहीं सेल्फी पॉइंट में निर्भया दिवस मनाते हुए छात्र-छात्राएं सेल्फी ले रहे थे। अंदर प्रवेश लेते ही नारी शक्ति का उल्लेख करते हुए विभिन्न तरह की रंगोलियां सेल्फ डिफेंस का संदेश दे रही थीं। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के साथ-साथ बेटी को सशक्त बनाओ का नारा भी दिया गया। जिला प्रशासन, नगर निगम और संस्था ज्वाला द्वारा निर्भया दिवस के मौके पर आज एक साथ सेल्फ डिफेंस सिखाने का वल्र्ड रिकार्ड बनाने की तैयारियां की गई थीं, जिसमें सुबह से ही बच्चों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। संस्था द्वारा नेहरू स्टेडियम में आठ ब्लॉक बनाए गए हैं, जिनमें एक-एक हजार बच्चों को खड़ा कर तिरंगे की आकृति बनाई गई है। तीन रंगों की कैप के माध्यम से तिरंगा लहराता नजर आया। सुबह के सत्र में ही 10 हजार बच्चे शामिल हो गए, जबकि 16 हजार बच्चों ने रजिस्ट्रेशन कराया।

©2025 Agnibaan , All Rights Reserved