
नई दिल्ली: केन्द्रीय अल्पसंख्यक मंत्री किरेन रिजिजू ने अपनी सऊदी यात्रा के बाद सऊदी राजपरिवार और सरकार को यात्रा के लिए धन्यवाद कहा है. उन्होंने यात्रा को ‘उपयोगी और सार्थक’ बताया. साथ ही उन्होंने भारत के मुस्लिमों के लिए एक खुश-खबरी देते हुए बताया है कि साल 2027 के लिए भारत को 1,75,025 हज यात्रियों का कोटा मिला है.
किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट किया, “सऊदी अरब साम्राज्य की मेरी यात्रा पूरी हुई. यह यात्रा काफी उपयोगी और सार्थक रही. वहां के नेतृत्व और लोगों की ओर से किए गए शानदार स्वागत और मेहमाननवाजी के लिए मैं आभारी हूं. इस यात्रा ने भारत और सऊदी अरब के बीच दोस्ती और सहयोग के रिश्तों को और मजबूत किया है. साथ ही, दोनों देशों ने हज यात्रियों की भलाई और हज 2027 के सफल आयोजन के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई है.”
जेद्दा में भारत के दूतावास ने बताया कि “9 नवंबर को रिजिजू और सऊदी अरब के हज एवं उमराह मंत्री तौफीक बिन फवजान अल-रबियाह ने ‘हज 2027’ के लिए द्विपक्षीय हज समझौते पर हस्ताक्षर किए. इस समझौते के तहत भारत को 1,75,025 हज यात्रियों का कोटा मिला है.
भारतीय दूतावास ने ‘X’ पर पोस्ट किया, हज 2027 के लिए भारत-सऊदी अरब सहयोग को और मजबूत किया जा रहा है.केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने सऊदी अरब के हज एवं उमराह मंत्री डॉ. तौफीक बिन फवजान अल-रबियाह के साथ द्विपक्षीय बातचीत की और हज 2027 के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए. इससे भारत के लिए 1,75,025 यात्रियों का कोटा सुनिश्चित हुआ है. दोनों मंत्रियों ने हज 2027 की तैयारियों की भी समीक्षा की.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved