भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

82 लाख किसानों का मिली 1,783 करोड़ की सौगात

  • सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सिंगल क्लिक से वितरित की राशि

रीवा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को रीवा में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होकर सिंगल क्लिक के जरिए 82 लाख से ज्यादा किसानों के खातों में 1,783 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की। इसके साथ ही स्वामित्व योजना के तहत 27 जिलों के तीन लाख 70 हजार व्यक्तियों को भूमि के अधिकार पत्रों का वितरण किया गया। राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में किसानों को चार हजार रुपए दिए जाते हैं। केंद्र सरकार छह हजार रुपए देती है। कुल दस हजार रुपए दिए गए हैं।



इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार का लक्ष्य है कृषि को लाभ का धंधा बनाना। किसान कृषि का विविधीकरण एवं प्राकृतिक खेती करें। इससे उनको अधिक मुनाफा होगा तथा कृषि भूमि की उपजाऊ क्षमता भी बनी रहेगी। सरकार प्राकृतिक खेती के लिए किसान को एक गाय रखने पर 900 रूपए प्रतिमाह देगी। गोबर, गौ-मूत्र, गुड़ आदि के मिश्रण से तैयार किए जाने वाला जीवामृत मिट्टी की उर्वरकता बढ़ाता है। मुख्यमंत्री ने स्वामित्व योजना में प्रदेश के 3.70 लाख ग्रामीणों को आबादी अधिकार अभिलेखों का वितरण किया। साथ ही मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में 82 लाख किसानों के खातों में 4-4 हजार रूपए की सम्मान निधि अंतरित की।

इस वर्ष 30 हजार करोड़ की सिंचाई योजनाओं पर काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई के रकबे में लगातार वृद्धि की जा रही है। रीवा क्षेत्र की बाढ़ सागर परियोजना के शेष कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा। प्रदेश में इस वर्ष 30 हजार करोड़ रूपए की सिंचाई योजनाओं पर कार्य प्रारंभ होगा। हर खेत तक पानी पहुंचाना सरकार का संकल्प है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 44 हजार करोड़ रूपए की केन-बेतवा योजना बन गई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य प्रारंभ होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने किसानों से कर्ज माफी के वादे तो किये परंतु कर्जमाफ नहीं किया और किसानों के सिर पर ब्याज की गठरी लाद दी। हमारी सरकार किसानों के सिर से ब्याज की गठरी उतारेगी। सरकार किसानों से 20 रूपये किलो में गेहूं खरीदती है और गरीब परिवारों को एक रूपये किलों में देती है। केन्द्र सरकार द्वारा मुफ्त राशन का वितरण भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तिथि को बढ़ाकर 31 मई कर दिया गया है। किसानों को गेहूं की कमी न आए इसके लिए गेहूं के निर्यात पर रोक लगा दी गई है।

विकास कार्यों की सौगात एवं हितलाभ वितरण
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में 39 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही सम्पर्क सूत्र सेवा योजना में रीवा से सतना के लिये तीन यात्री बसों को हरी झंडी दिखा कर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने स्कूली बच्चों को मूंग वितरण और स्वामित्व योजना में ग्रामीणों को आबादी भूमि के अधिकार अभिलेख भी वितरित किए।

Share:

Next Post

घटिया ग्रेड के कोयला से बिजली घरों को लग रही चपत

Thu May 19 , 2022
ऐप और निगरानी प्रणाली विकासित कर विभाग रोकेगा गड़बड़ी भोपाल। विद्युत उत्पादन पर इन दिनों कोयले का संकट गहराया हुआ है। चिंताजनक बात यह भी है कि बिजली कंपनियां को घटिया ग्रेड का कोयला ज्यादा सप्लाई हो रहा है। कोयले की चोरी, जमाखोरी, कालाबाजारी, उठाईगीरी से पूरा सिस्टम हलाकान है। इसके चलते थर्मल पावर प्लांट […]