
भोपाल। भोपाल केंद्रीय जेल (Bhopal Central Jail) के प्रशासनिक जेलर मगनू सिंह मरावी के खिलाफ गांधी नगर थाने में एक महिला जेल प्रहरी ने दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी देर रात केंद्रीय जेल परिसर के अंदर ही उसके साथ दुष्कर्म किया गया। गांधीनगर पुलिस ने शनिवार सुबह दुष्कर्म का केस दर्ज कर जेलन मगनू सिंह को हिरासत में ले लिया है।
एडीसीपी जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला ने बताया कि अधेड़ उम्र की महिला जेल प्रहरी ने पुलिस को बताया कि रात दस बजे से दोपहर दो बजे तक उसकी ड्यूटी रहती थी। बीती रात वह ड्यूटी पर आई तो जेलर मगनू सिंह ने उसे मिलने बुलाया। इसके बाद टपरी के पास बाथरूम में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला ने देर रात ही अपनी बेटी के साथ गांधी नगर थाने पहुंचकर शिकायत की। जांच के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। महिला का आरोप है कि दुष्कर्म करने की नीयत से ही जेलर लंबे समय से मेरी ड्यूटी रात में लगवाते आ रहे हैं। पीड़िता जेल परिसर में ही परिवार के साथ रहती है। केंद्रीय जेल सूत्रों के अनुसार दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कराने वाली महिला जेल प्रहरी के खिलाफ कई जांच चल रही हैं। महिला जेल प्रहरी पर ड्यूटी के दौरान सोने, गुटखा खाने और लोगों से बदतमीजी करने के आरोप हैं। महिला जब देर रात थाने पहुंची तो जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
इसके बाद पुलिस के आला अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई। महिला को जेल प्रशासन समझाने का प्रयास करता रहा, लेकिन महिला नहीं मानी। इसके बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने जेल प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों से बात कर जेलर मगनू सिंह के खिलाफ दुष्कर्म दर्ज कराया। पुलिस आरोपी जेलर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved