
इंदौर। देश की राजधानी दिल्ली में तूफानी हवाओं और बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसका असर उड़ानों पर भी नजर आ रहा है। कल दिल्ली की 180 से ज्यादा उड़ानें बारिश और तेज हवाओं के कारण प्रभावित हुईं। बताया जा रहा है कि इनमें 49 निरस्त हुईं, 40 से ज्यादा को डायवर्ट किया गया और बाकी घंटों लेट रहीं। निरस्त होने वाली उड़ानों में रात को इंडिगो की इंदौर आने और जाने वाली उड़ान भी शामिल थी, जिसके कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा भी किया।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक कल शाम से रात के बीच दिल्ली में तेज बारिश और तूफानी हवाएं चलीं। इसके कारण दिल्ली जाने और वहां से निकलने वाली उड़ानें प्रभावित हुईं। इंडिगो की फ्लाइट (6ई-2169/6972) रात 9.10 बजे दिल्ली से इंदौर आकर 9.45 बजे वापस दिल्ली जाती है, लेकिन कल खराब मौसम के चलते इंडिगो ने इसे निरस्त कर दिया। इस पर यात्री हंगामा करने लगे। यात्रियों का कहना था कि उड़ान को निरस्त करने के बजाय रीशेड्यूल किया जा सकता था और मौसम साफ होने पर उसे संचालित किया जा सकता था। लेकिन स्थानिय अधिकारियों ने कहा कि यह फैसला मुख्यालय का है और स्थानीय स्तर पर वे कुछ नहीं कर सकते। कंपनी ने यात्रियों को रिफंड और रीबुकिंग का विकल्प दिया। कुछ समय हंगामे के बाद यात्री खाली हाथ लौट गए। ये यात्री आज सुबह दिल्ली के लिए रवाना हुए।
दूसरी उड़ानें भी लेट
खराब मौसम के चलते दिल्ली और दिल्ली से होकर अन्य शहरों से आने वाली 10 से ज्यादा उड़ानें भी एक से दो घंटे तक लेट हुईं। इनमें दिल्ली के साथ ही जयपुर, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता सहित अन्य शहरों की उड़ानें शामिल थीं। उड़ानों के लेट होने के कारण शाम से रात के बीच सैकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved