
भोपाल। नवंबर में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा के चुनाव के लिए ढाई लाख अधिकारी-कर्मचारी लगेंगे। इन्हें मतदान केंद्रों पर तैनात किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने जिला प्रशासन से कहा है कि वे अधिकारियों और कर्मचारियों को चिन्हित करें। इन्हें मतदान प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी देने के लिए सितंबर में प्रशिक्षण दिलाया जाएगा, जो राज्य और जिला स्तरीय होगा।
प्रदेश में अभी 64 हजार 100 मतदान केंद्र हैं। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान में मतदान केंद्रों के सत्यापन की प्रक्रिया भी होगी। इसमें यह देखा जाएगा कि किसी मतदान केंद्र पर दो हजार से ज्यादा मतदाता तो नहीं हो रहे हैं या मतदाता को मतदान के लिए दो किलोमीटर से अधिक दूर तो नहीं जाना पड़ेगा। यदि कहीं ऐसी स्थिति पाई जाती है तो सहायक मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। इसके साथ ही जिला प्रशासन मतदान दल के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को चिन्हित करेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved