
ह्यूस्टन। अमेरिका के टेक्सास में 41 साल के एक शख्स को 20 साल पहले किए गए अपराध के मामले में सजा दी गई है। शख्स ने 20 साल पहले एक युवा मां की बेरहमी से हत्या कर दी थी। टेक्सास के अटॉर्नी जनरल केन पैक्सटन ने एक बयान में कहा कि हंट्सविले जेल में मोइसेस सैंडोवाल मेंडोजा को मौत की सजा दी गई। उसे जानलेवा इंजेक्शन लगाया गया है। मेंडोजा को मार्च 2004 में 20 साल की रेचेल ओ’नील टॉलसन की हत्या का दोषी पाया गया था।
अदालती दस्तावेजों के अनुसार मेंडोजा ने पहले महिला का यौन उत्पीड़न किया फिर उसे मार डाला था। हत्या के बाद उसने शव को एक एक गड्ढे में ले जाकर आग लगा दी थी। पीड़िता के अवशेष कई दिनों बाद मिले थी। स्थानीय मीडिया के अनुसार, पांच महीने के बच्चे की मां टॉलसन हत्यारे को हाई स्कूल से जानती थी। मेंडोजा ने हत्या की बात कबूल की थी। उसने मौत की सजा को आजीवन कारावास में बदलने की मांग की थी।
टेक्सास के अधिकारियों की तरफ से साझा किए गए अंतिम बयान में बताया गया कि मेंडोजा ने राचेल की जिंदगी छीनने के लिए उसकी बेटी से माफी मांगी। मेंडोजा ने कहा, “एवरी… मैंने आपकी मां छीन ली। मुझे इसके लिए खेद है। मुझे नहीं पता कि मैं जो कुछ भी कहूं या करूं, वह कभी भी इसकी भरपाई नहीं कर सकता।”
मेंडोजा ने अपनी पत्नी, अपनी बहन और दो दोस्तों से कहा कि मैं तुमसे प्यार करता हूं, मैं तुम्हारे साथ हूं, मैं ठीक हूं और शांति में हूं। इसके बाद दोषी युवक को जानलेवा इंजेक्शन लगाया गया। इसके बाद उसकी सभी गतिविधियां बंद हो गईं और 19 मिनट बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved