बड़ी खबर

महाराष्ट्र में कोरोना के 28,286 नए संक्रमित, 36 की मौत

मुंबई। महाराष्ट्र (Maharashtra) में सोमवार को 28,286 कोरोना के नए संक्रमित मरीज (28,286 new corona infected patients) मिले हैं तथा 24 घंटे में 36 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। सूबे में आज कोरोना के कुल 299604 मरीजों का इलाज जारी है। इनमें मुंबई में 21142 एक्टिव कोरोना मरीज शामिल हैं। नागपुर मंडल में आज 4845 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं।

स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने पत्रकारों को बताया कि राज्य में आज 21941 कोरोना मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौटे हैं। राज्य में अबतक 73511861 लोगों की कोरोना जांच की गई और इनमें से 7535511 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 7089936 कोरोना संक्रमित पूरी तरह से स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं। राज्य में अब तक 142151 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। सूबे में कोरोना से ठीक होने का औसत 94.09 फीसदी और कोरोना मौत का औसत 1.88 फीसदी है। राजेश टोपे ने कोरोना नियमों का कठोरता से पालन करने की अपील नागरिकों से की है।


महाराष्ट्र में मिले 86 नए ओमिक्रोन संक्रमित
महाराष्ट्र में सोमवार को 86 नए ओमिक्रोन संक्रमित पाए गए हैं। इससे राज्य में ओमिक्रोन संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2845 हो गई है। इसी तरह राज्य में अब तक कुल 1454 ओमिक्रोन संक्रमित मरीज स्वस्थ हुए हैं तथा इस समय 1391 संक्रमितों का इलाज जारी है।

राजेश टोपे ने बताया कि आज नागपुर में 47, पुणे शहर में 28, पिंपरी-चिंचवड़ में 3, वर्धा में 2 और मुंबई, अमरावती, यवतमाल, भंडारा, ठाणे शहर व पुणे ग्रामीण में 1-1 इस तरह कुल 86 ओमिक्रोन संक्रमित मिले हैं।

महाराष्ट्र के ठाणे मंडल में 1172, इनमें अकेले मुंबई में 1010, नासिक मंडल में 13, पुणे मंडल में 1239, कोल्हापुर मंडल में 78, औरंगाबाद मंडल में 26, लातुर मंडल में 18, आकोला मंडल में 50, नागपुर मंडल में 248 इस तरह कुल 2845 ओमिक्रोन संक्रमित मिल चुके हैं। राजेश टोपे ने कहा कि राज्य में ओमिक्रोन संक्रमितों तथा कोरोना संक्रमितों का प्रभावी तरीके से इलाज जारी है।

मुंबई में मिले दो हजार से कम नए कोरोना मरीज, 11 की मृत्यु
मुंबई में कोरोना की रफ्तार से सुस्त पड़ती जा रही है। सोमवार को 1,857 नए संक्रमित मिले, जबकि 11 मरीजों की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। नए मिले संक्रमितों में से 1,560 बिना लक्षण के पाए गए हैं। महानगर में डबलिंग रेट भी 144 दिन पहुंच गया है।

मुंबई मनपा से मिली जानकारी के अनुसार महानगर के विभिन्न अस्पतालों में कुल 37,742 में से 33,887 बेड खाली हैं। महज 10.2 फीसदी बेड पर ही मरीजों का इलाज चल रहा है। मुंबई के विभिन्न कोविड सेंटरों और अस्पतालों में 3,855 मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें से 1,717 मरीजों को ऑक्सीजन स्पोर्ट पर रखा गया है। बीते 24 घंटे में अस्पतालों में भर्ती 234 में से 56 मरीजों को ऑक्सीजन पर रखा गया है।

मुंबई में वर्तमान में सक्रिय कुल 21,142 मरीज हैं। मुंबई में कोरोना संक्रमण दर 5.41 फीसदी पर आ गई है। साथ ही रिकवरी रेट 96 फीसदी पर है। इसके साथ ही 27 इमारतों को सील किया गया है, जबकि कोरोना मरीजों के संपर्क में आए 9,998 लोगों की तलाश की गई।

मुंबई मनपा की जीनोम सिक्वेंसिंग की आठवीं रिपोर्ट जारी, सबसे ज्यादा ओमिक्रोन का संक्रमण
मुंबई मनपा ने सोमवार को जीनोम सिक्वेंसिंग परीक्षण की आठवीं रिपोर्ट जारी की। सबसे ज्यादा मरीज कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के मिले हैं। कोरोना से संक्रमित कुल 280 मरीजों के नमूनों की जीनोम सिक्वेंसिंग जांच की गई। इनमें 89 फीसदी मरीजों में ओमिक्रोन मिला है। इसीतरह आठ फीसदी में डेल्टा डेरिवल और तीन प्रतिशत मरीजों में डेल्टा के साथ अन्य वैरिएंट मिले हैं।

रिपोर्ट के अनुसार जांच किए गए 280 नमूनों में से 248 नमूनों में ओमिक्रोन, 21 में डेल्टा डेरिवल, 11 में कोरोना के अन्य वैरिएंट के साथ ही 2 में डेल्टा पाया गया। शून्य से पांच साल के दो, 6 से 12 साल के 4 और 13 से 18 साल के 7 बच्चों में कोरोना के नए वैरिएंट ओमायक्रॉन की पुष्टि हुई है। हालांकि किसी भी बच्चे में गंभीर लक्षण नहीं दिखे हैं। 280 मरीजों में से सात ने ली है टीके की पहली खुराक

280 मरीजों में से 7 ने टीके की पहली खुराक ली है। इनमें से 6 मरीजों को अस्पताल, जबकि 2 को गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती करना पड़ा। हालांकि टीके की दोनों खुराक लेने वाले 174 में से 89 मरीज अस्पताल में भर्ती हुए। जिनमें दो को ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत पड़ी, जबकि 15 को आईसीयू में रखना पड़ा।

मनपा के अतिरिक्त आयुक्त सुरेश काकाणी के मुताबिक आठवीं जीनोम सिक्वेंसिंग में कुल 373 नमूनों की जांच की गई। इसमें 280 नमूने मुंबई शहर और शेष मुंबई के बाहर के थे। 280 मरीजों में 34 फीसदी यानी 96 मरीज 22 से 40 आयु के बीच के हैं। इसके साथ ही 79 मरीज 41 से 60 आयु, 69 मरीज 61 से 80, जबकि 22 जीरो से 22 आयु वर्ग के मरीज शामिल हैं। इनमें जीरो से 18 आयु के 13 नमूनों का समावेश था। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

कोविड-19 प्रोटोकाल के साथ संसद का बजट सत्र, 01 फरवरी को आम बजट

Tue Jan 25 , 2022
– राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद आर्थिक सर्वेक्षण 31 जनवरी को होगा पेश नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र (budget session of parliament) में फिर से कोविड-19 प्रोटोकॉल (covid-19 protocol) लागू किया जाएगा। राज्यसभा की कार्यवाही सुबह 9 बजे से और लोकसभा की कार्यवाही शाम 4 बजे से शुरू होगी। इससे पहले 31 जनवरी को […]